सीएम कॉलेज में शिक्षकों की बैठक, सात दिन अनुपस्थित रहने वाले छात्रों का नामांकन होगा रद्द

दरभंगा सीएम कॉलेज में आयोजित शिक्षकों की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं. लगातार सात दिन अनुपस्थित रहने वाले छात्रों का नामांकन रद्द किया जाएगा. साथ ही, नई शिक्षण व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी जोर दिया गया.
Darbhanga News: दरभंगा स्थित सीएम कॉलेज में शनिवार को प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद की अध्यक्षता में विभागीय वरीय शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए नियमित उपस्थिति, समय पर आंतरिक परीक्षा आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया.
शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं रह गई है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की आवश्यकताओं से भी अवगत कराना होगा, ताकि वे रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजन में भी सक्षम बन सकें.
नए पाठ्यक्रमों की हुई शुरुआत
प्रधानाचार्य ने बताया कि स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया जारी है, जबकि शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा कि इस शैक्षणिक वर्ष से कॉलेज में बीए-बीएड और बीकॉम-बीएड पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई है. साथ ही सीटीईटी और एसटीईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
सात दिन अनुपस्थित रहने पर नामांकन होगा रद्द
बैठक में निर्णय लिया गया कि जो छात्र लगातार सात दिनों तक कॉलेज नहीं आएंगे, उनका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा. इसके अलावा आंतरिक परीक्षाएं समय पर आयोजित कराने तथा इनमें अनुपस्थित रहने वाले छात्रों को विश्वविद्यालय परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं देने पर भी सहमति बनी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










