Darbhanga: तेज रफ्तार का कहर, ठेला चलाने वाले व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत

एक्सीडेंट की प्रतिकात्मक तस्वीर
Darbhanga News: दरभंगा के बिरौल में अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय ठेला चालक मो. हसीम की मौत हो गई. मृतक पिछले 20 सालों से ससुराल में रहकर ठेला चलाता था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पढे़ं पूरी खबर…
Darbhanga News: दरभंगा जिले के बिरौल-कुशेश्वरस्थान मुख्य सड़क पर शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जेके कॉलेज के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने ठेला चालक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के करकौली निवासी 50 वर्षीय मो. हसीम के रूप में हुई है.
सामान डिलीवर कर चाय पीने जा रहा था मृतक
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे हसीम अपना ठेला लेकर जेके कॉलेज के पास एक फर्नीचर दुकान पर सामान पहुंचाने आया था. सामान डिलीवर करने के बाद वह सड़क पार कर चाय पीने जा रहा था. इसी दौरान सुपौल बाजार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत कुशेश्वरस्थान की ओर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
20 वर्षों से ससुराल में ही रह रहा था हसीम
मो. हसीम पिछले 20 वर्षों से अकबरपुर बेंक स्थित अपने ससुराल में रहकर ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. उसकी मौत की खबर मिलते ही ससुराल और पैतृक गांव में कोहराम मच गया है. पत्नी आमना खातून और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है.
दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










