दरभंगा: एक साथ उठीं दो दोस्तों की अर्थियां, सड़क हादसे के बाद गांव में पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन
Grieving family members mourning after two friends died in a road accident in Darbhanga.

बिरौल में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: सुपौल-बेनीपुर मुख्य पथ पर विष्णुपुर और कमलपुर के बीच शनिवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. रविवार को डीएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों के शव उनके गांव पहुंचे, परिजनों में कोहराम मच गया. पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

गांव पहुंचते ही गम में डूबे परिजन

मृतकों में सोनबेहट निवासी राम मुखिया के 35 वर्षीय पुत्र किशोर मुखिया शामिल हैं. शव घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. पत्नी, मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था.

किशोर मुखिया तीन भाइयों में सबसे बड़े थे. वे मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्य थे और मखाना व मछली पालन के व्यवसाय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.

पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार

किशोर मुखिया अपने पीछे पत्नी सुनीता देवी, मां वीणा देवी, भाई राजू मुखिया और प्रदीप मुखिया के अलावा तीन पुत्रियां प्रीति, श्वेता, अनाया तथा पुत्र शिवम को छोड़ गए हैं.

परिवार के मुखिया की असमय मौत से पूरे घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

दूसरे मृतक के गांव में भी पसरा मातम

दूसरे मृतक की पहचान रूपनगर निवासी योगी यादव के पुत्र अनिक लाल यादव के रूप में हुई है. उनका शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया. घटना से दोनों परिवारों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है.

हत्या का लगाया आरोप

मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर दोनों युवकों को कुचल दिया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

मुआवजा और गिरफ्तारी की मांग

जिला पूर्वी भाजपा उपाध्यक्ष श्रवण चौधरी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की. उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

पुलिस कर रही जांच

थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि मृतकों के परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन