bike cash theft: बैंक से पैसे निकाल कर पानी पीने गए थे सीएसपी संचालक, डिक्की से 1.70 लाख रुपये गायब
प्रतीकात्मक तस्वीर
bike cash theft: कमतौल बाजार में सीएसपी संचालक मोइनुद्दीन की बाइक की डिक्की से उच्चकों ने 1.70 लाख रुपये उड़ा लिए.यह घटना उस वक्त हुई जब संचालक बैंक से पैसे निकाल कर सामने दुकान पर पानी पीने गए थे. जानिए पूरी खबर…
दरभंगा के कमतौल से शिवेंद्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट
bike cash theft: स्थानीय थाना क्षेत्र के कमतौल बाजार में उच्चकों द्वारा एक बड़ी छिनतई की घटना को अंजाम देने का मामला प्रकाश में आया है.यहां एक सीएसपी संचालक द्वारा बाइक खड़ी कर पानी पीने के दौरान अज्ञात चोरों ने डिक्की का ताला खोलकर उसमें रखे एक लाख सत्तर हजार रुपये साफ कर दिए.इस बाबत पीड़ित सीएसपी संचालक ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
बैंक से रुपये निकाल कर डिक्की में रखे थे, पानी पीने के दौरान हुई चोरी
घटना के संबंध में बताया जाता है कि करदहुली निवासी सीएसपी संचालक मोइनुद्दीन कमतौल बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पहुंचे थे.वहां से उन्होंने एक लाख सत्तर हजार रुपये की नकद निकासी की और रुपयों को अपनी बाइक की डिक्की में सुरक्षित रख दिया.इसी बीच वे डिक्की लॉक कर सामने की एक किराना दुकान पर पानी की बोतल खरीदने चले गए.दुकान से पानी खरीदकर पीने के बाद वे वापस लौटे और अपनी बाइक स्टार्ट कर सीधे अपने गंतव्य करदहुली के लिए रवाना हो गए.
घर पहुंचने पर खुला राज, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
सीएसपी संचालक जब अपने केंद्र करदहुली पहुंचे और ग्राहकों को भुगतान करने के लिए बाइक की डिक्की खोली, तो उनके होश उड़ गए.डिक्की में रखा रुपयों का थैला पूरी तरह गायब था.आशंका जताई जा रही है कि जब संचालक दुकान पर पानी पी रहे थे, उसी दौरान घात लगाए चोरों ने पलक झपकते ही डिक्की से रुपये उड़ा लिए.मामले में पीड़ित मोइनुद्दीन ने कमतौल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस आवेदन आलोक में मामला दर्ज कर बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










