पांच महीने से अधूरा सड़क निर्माण, लोगों का फूटा गुस्सा, डीएम से की शिकायत

डीएम को समस्या के समाधान से संबंधित आवेदन सौपते वार्ड 28 स्थित बैंकर्स कॉलोनी वासी
दरभंगा के बैंकर्स कॉलोनी के निवासी सड़क और नाला निर्माण के अधूरे कार्य से बेहद परेशान हैं. पांच महीने बाद भी काम पूरा न होने से लोग रोजमर्रा की मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.
Darbhanga News: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 स्थित रहमगंज की बैंकर्स कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी को आवेदन देकर अधूरे पड़े सड़क एवं नाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की. लोगों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत बुडको द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य करीब पांच महीने बाद भी पूरा नहीं हो सका है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
धीमी गति से चल रहा निर्माण कार्य
आवेदनकर्ताओं ने बताया कि संवेदक द्वारा सड़क और नाला निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है. कई स्थानों पर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो गई है.
पहले भी की जा चुकी है शिकायत
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर 19 जून और 3 जुलाई को भी जिलाधिकारी को आवेदन देकर अवगत कराया गया था. इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई. लोगों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बाद भी संवेदक द्वारा कार्य पूरा करने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है.
डीएम ने जांच और कार्रवाई के दिए निर्देश
जनता दरबार में मामले की सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही अधूरे सड़क एवं नाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके.
आवेदन देने वालों में रहे शामिल
डीएम को आवेदन सौंपने वालों में शिवू महतो, आनंद बिहारी, शिव नंदन महतो, नलिन विलोचन, कमलेश्वर प्रसाद, जितेंद्र कुमार ठाकुर और नागेश्वर महतो सहित अन्य स्थानीय निवासी शामिल थे.
यह भी पढ़ें: केवटी में सात सूत्री मांगों को लेकर एमएसयू का अनिश्चितकालीन अनशन शुरू, रैयाम चौक पर आंदोलन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राज कुमार रंजन
राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










