दिल्ली जाते समय ट्रेन से गिरकर अलीनगर के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
शव के आते ही शोक का वातावरण,जुटी भीड़
दरभंगा से दिल्ली मजदूरी के लिए जा रहा 20 वर्षीय मो. आजिम बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. इस घटना से परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
Darbhanga News: अलीनगर प्रखंड क्षेत्र के असकौल गांव निवासी 20 वर्षीय मजदूर मो. आजिम की दिल्ली जाते समय बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से गिरकर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिजनों में कोहराम मच गया. सोमवार को शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया.
Alinagar News: मजदूरी के लिए दिल्ली जा रहा था युवक
परिजनों ने बताया कि मो. आजिम पिछले चार-पांच वर्षों से दिल्ली में बैग सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. मुहर्रम के अवसर पर वह घर आया था. 17 जुलाई को दरभंगा से बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पकड़कर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था. रात करीब दो से ढाई बजे के बीच हाथरस जंक्शन और पोरा स्टेशन के बीच वह ट्रेन से गिर गया.
साथियों को नहीं मिला तो बढ़ा संदेह
यात्रा के दौरान गांव के अन्य लोग भी अलग-अलग बोगियों में सफर कर रहे थे. ट्रेन से किसी युवक के गिरने की सूचना मिलने पर उन्होंने आजिम की तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई. अगले दिन दिल्ली और गांव के परिजन हाथरस पहुंचे, जहां अमरोली रेल थाना की सूचना पर अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद शव प्राप्त किया गया.
पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के मधेपुर गांव निवासी मो. हीरा की पुत्री मुसर्रत खातून से हुई थी. उनकी आठ माह की एक पुत्री भी है. शव गांव पहुंचते ही पत्नी मुसर्रत खातून, पिता मो. जब्बार, माता सबीला खातून, बड़े भाई मो. तसीर, मझले भाई मो. बशीर और चारों विवाहित बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
जनाजे में उमड़ी भीड़
पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से शव गांव लाया गया. जनाजे की नमाज अदा करने के बाद गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और परिजनों को सांत्वना दी.
यह भी पढ़ें: बेटी का जन्मदिन मनाने आए सैनिक की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ विदाई,गूंजा 'अमर रहें' का नारा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए