बेटी का जन्मदिन मनाने आए सैनिक की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ विदाई,गूंजा 'अमर रहें' का नारा

Updated:
विज्ञापन
शौर्य चक्र देते पिता पत्नी परिजन व अन्य  | Prabhat Khabar Network

शौर्य चक्र देते पिता पत्नी परिजन व अन्य

दार्भगा के सैनिक अखिलेश आनंद को सड़क दुर्घटना में जान गंवाने के बाद उनके पैतृक गांव बड़गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों ने नम आंखों से दी वीर सपूत को श्रद्धांजलि.

विज्ञापन

Darbhanga News: सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सैनिक अखिलेश आनंद को सोमवार को उनके पैतृक गांव बड़गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. दोपहर करीब एक बजे तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े. सेना के अधिकारियों और जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी. इस दौरान पूरा गांव "भारत माता की जय" और "अखिलेश आनंद अमर रहें" के नारों से गूंज उठा.

Kusheshwarsthan News: तिरंगे को चूमकर दी अंतिम विदाई

डीएमसीएच पोस्टमार्टम हाउस से सेना के जवान एंबुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर को गांव लेकर पहुंचे. घर के आंगन में ताबूत रखे जाने के बाद पिता अरुण कुमार राय, माता द्रोपदी देवी, पत्नी अंशु कुमारी और बेटी काव्या सहित परिजनों ने तिरंगे को चूमकर अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया.

हजारों लोग अंतिम यात्रा में हुए शामिल

cf.jpg

अंतिम यात्रा में हजारों ग्रामीण शामिल हुए. हर कोई सैनिक अखिलेश आनंद को अंतिम नमन करने और ताबूत को कंधा देने के लिए आगे बढ़ता दिखाई दिया. महिलाओं की सिसकियां और बुजुर्गों की नम आंखें इस असहनीय क्षति की गवाही दे रही थीं. श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा.

सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

samastr' (1).jpg

श्मशान घाट पर सेना की सलामी के बीच पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. सैनिक अखिलेश आनंद के भतीजे अभिनव राज ने मुखाग्नि दी. इस अवसर पर बड़े भाई अभिषेक आनंद, मझले भाई अविनाश आनंद समेत अन्य परिजन और सेना के अधिकारी मौजूद रहे.

बेटी का जन्मदिन मनाने आए थे घर

परिजनों ने बताया कि अखिलेश आनंद अपनी तीन वर्षीय बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए 20 दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे. 18 जुलाई को धबोलिया पुल के पास सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई. इस घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है.


विज्ञापन
सुधीर कुमार चौधरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार चौधरी

सुधीर कुमार चौधरी 17 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. सामाजिक, राजनीतिक, अपराध व धर्म-संस्कृति जैसे विषयों पर इनकी पैनी नजर रहती है और वे इन बीट्स पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन