बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्ट! नाव, राहत और तटबंध सुरक्षा को लेकर बना बड़ा प्लान

बाढ़ अनुश्रवण समिति की बैठक में उपस्थित प्रमुख, सीओ,सहित जनप्रतिनिधि
कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड प्रशासन ने संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए एक व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। इसमें 24 घंटे निगरानी, नावों का सुरक्षित संचालन और राहत सामग्री की व्यवस्था शामिल है।
Darbhanga News: संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड प्रशासन ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है. सोमवार को प्रखंड मुख्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी पंचायतों में 24 घंटे निगरानी रखने, राहत एवं बचाव कार्यों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अंजनी भारती ने की.
Kusheshwarsthan East News: नाव संचालन और राहत कार्यों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में तय किया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नावों की व्यवस्था भी तत्काल की जाएगी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आपदा की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल बिना विलंब घटनास्थल पर पहुंचे, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके.
तटबंध, राहत सामग्री और स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में बाढ़ सुरक्षा तटबंधों की निगरानी, कटाव संभावित क्षेत्रों की पहचान, बाढ़ शरण स्थलों की तैयारी, राहत सामग्री का भंडारण, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति तथा पशुओं के लिए चारा एवं टीकाकरण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. प्रखंड प्रमुख अंजनी भारती ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जलनिकासी और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
बैठक में केवटगामा क्षेत्र के सिंचाई नाला एवं राजकीय नलकूप के पास जलजमाव और अतिक्रमण की समस्या पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा सिंचाई एवं आवागमन व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए. अंचलाधिकारी राकेश रोशन भारती ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा तटबंधों की नियमित निगरानी और आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
नियमित मॉनिटरिंग पर रहेगा जोर
अंचलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सप्ताह सभी संबंधित विभागों से कार्य प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी, ताकि बाढ़ पूर्व तैयारियों की सतत निगरानी की जा सके. बैठक में 20 सूत्री अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजेश राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन राय, उप मुख्य पार्षद सुजीत पासवान, सांसद प्रतिनिधि सिकंदर यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि राम शंकर शर्मा, मुखिया राजेश पासवान, नवल किशोर राय, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी आनंद, मो. इस्लाम, सज्जन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष पोद्दार
संतोष पोद्दार को पत्रकारिता का 20 वर्षों का लंबा अनुभव है. ये सामाजिक, राजनीतिक, आपराधिक व धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हैं और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










