दरभंगा में नया राशन कार्ड बनाने के लिए स्मार्ट PDS पोर्टल शुरू, तकनीकी समस्या से प्रक्रिया प्रभावित

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत दरभंगा में नया राशन कार्ड जारी करने के लिए स्मार्ट PDS पोर्टल लॉन्च किया गया है. हालांकि, पोर्टल शुरू होते ही तकनीकी समस्याओं ने आवेदन प्रक्रिया को धीमा कर दिया है, जिससे अभी तक एक भी नया कार्ड जारी नहीं हो सका है.

विज्ञापन

Darbhanga News: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभुकों को नया राशन कार्ड जारी करने के लिए स्मार्ट पीडीएस (Smart PDS) पोर्टल शुरू कर दिया गया है. अब राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य कर दिया गया है. हालांकि 15 जुलाई से पोर्टल शुरू होने के साथ ही तकनीकी समस्याएं सामने आने लगी हैं, जिससे आवेदन प्रक्रिया काफी धीमी हो गई है. स्थिति यह है कि अब तक एक भी नया राशन कार्ड जारी नहीं हो सका है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तकनीकी समस्या से आवेदन प्रक्रिया प्रभावित

जिला आपूर्ति विभाग के अनुसार नए विकसित पोर्टल पर एक साथ बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण तकनीकी दिक्कतें उत्पन्न हुई हैं. विभाग ने इसकी सूचना मुख्यालय को भेज दी है. अधिकारियों का कहना है कि एक-दो दिनों के भीतर तकनीकी खामियां दूर कर दी जाएंगी, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी.

64,887 लाभुकों को मिलेगा नया राशन कार्ड

विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में 64,887 पात्र लाभुकों को नया राशन कार्ड जारी किया जाना है. जिले में कुल 37,02,209 पात्र लाभुकों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है. वर्तमान में 36,37,322 लाभुक राशन कार्ड के माध्यम से जन वितरण प्रणाली से निशुल्क अनाज प्राप्त कर रहे हैं. विभाग ने 13 अगस्त तक सभी शेष पात्र लाभुकों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है.

घर-घर भरवाए जाएंगे आवेदन

सरकार के निर्देश के अनुसार सभी एसडीएम को आवेदन प्रपत्र प्रिंट कर बीडीओ को उपलब्ध कराने को कहा गया है. बीडीओ विकास मित्र, पंचायत सचिव और अन्य पंचायत स्तरीय कर्मियों के माध्यम से घर-घर जाकर पात्र परिवारों से आवेदन भरवाएंगे. प्राप्त आवेदन प्रतिदिन प्रखंड मुख्यालय में जमा किए जाएंगे.

सत्यापन के बाद जारी होंगे राशन कार्ड

बीडीओ प्राप्त आवेदनों का ऑफलाइन पंजीकरण करेंगे और अगले दिन उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा. सत्यापन के बाद एसडीएम अंतिम निर्णय लेंगे. इसके उपरांत जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रतिदिन गूगल शीट के माध्यम से विभाग को रिपोर्ट भेजेंगे, ताकि पात्र लाभुकों के नाम से शीघ्र राशन कार्ड जारी किया जा सके.

यह भी पढ़ें: बेटी का जन्मदिन मनाने आए सैनिक की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ विदाई,गूंजा 'अमर रहें' का नारा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन