बीएसयूएससी ने सहायक प्राध्यापक भर्ती की संशोधित अधिसूचना जारी, नई रिक्तियों के आधार पर होगी नियुक्ति

बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने राज्य के विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों की संविदा आधारित नियुक्ति के लिए संशोधित अधिसूचना जारी की है. यह भर्ती नई रिक्तियों और संशोधित रोस्टर के आधार पर आगे बढ़ेगी.
Darbhanga News: बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी), पटना ने राज्य के विश्वविद्यालयों एवं नवगठित 211 राजकीय डिग्री कॉलेजों में संविदा आधारित सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति से संबंधित संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब आगे की पूरी चयन प्रक्रिया संशोधित रोस्टर एवं नई रिक्तियों के आधार पर संचालित की जाएगी.
संशोधित रिक्तियों के अनुसार आगे बढ़ेगी भर्ती प्रक्रिया
आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त संशोधित विषयवार एवं विश्वविद्यालयवार रिक्तियों के आधार पर तीन जुलाई को प्रकाशित विज्ञप्ति में आंशिक संशोधन किया गया है. यह संशोधन केवल नवगठित 211 राजकीय डिग्री कॉलेजों के लिए प्रभावी होगा.
छह विषयों में 422-422 पद निर्धारित
संशोधित अधिसूचना के अनुसार हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान तथा समाजशास्त्र विषय में प्रत्येक के लिए 422-422 पद निर्धारित किए गए हैं. इस प्रकार इन छह विषयों में कुल 2,532 संविदा आधारित सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी.
विश्वविद्यालयवार रिक्तियों का विवरण जारी
बीएसयूएससी ने बताया कि संशोधित विषयवार, श्रेणीवार एवं विश्वविद्यालयवार रिक्तियों का विस्तृत विवरण अधिसूचना के साथ संलग्न परिशिष्ट-1 में उपलब्ध कराया गया है. अब यही संशोधित विवरण चयन प्रक्रिया में मान्य होगा और पूर्व में प्रकाशित रिक्तियों का स्थान लेगा.
अभ्यर्थियों से संशोधित अधिसूचना देखने की अपील
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे संशोधित रिक्तियों के अनुसार आवेदन एवं आगे की चयन प्रक्रिया पर ध्यान दें. आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती की आगामी सभी कार्रवाई उच्च शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए संशोधित रोस्टर के अनुरूप ही की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










