सड़क किनारे मिलीं कोरेक्स की सैकड़ों खाली शीशियां, इलाके में नशे के कारोबार की चर्चा तेज

सांकेतिक तस्वीर
दरभंगा के मब्बी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप की खाली शीशियां मिलने से हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन के दावों के बावजूद नशे का कारोबार युवाओं तक पहुंच रहा है।
Darbhanga News: मब्बी थाना क्षेत्र के शीशो हरिपुर चौक के निकट सड़क किनारे प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप की खाली शीशियां मिलने से इलाके में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन के दावों के बावजूद प्रतिबंधित कफ सिरप युवाओं तक आसानी से पहुंच रही है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
सड़क किनारे मिलीं प्रतिबंधित कफ सिरप की शीशियां
ग्रामीणों के अनुसार शीशो हरिपुर चौक के पास बड़ी संख्या में कोरेक्स कफ सिरप की खाली बोतलें मिली हैं. लोगों का कहना है कि इस दवा का उपयोग इलाज के बजाय नशे के लिए किया जा रहा है. लगातार ऐसी बोतलें मिलने से इलाके में अवैध कारोबार संगठित तरीके से संचालित होने की आशंका जताई जा रही है.
युवाओं के भविष्य पर मंडरा रहा खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि शीशो हरिपुर और आसपास का इलाका धीरे-धीरे प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार का केंद्र बनता जा रहा है. इसकी चपेट में युवा और किशोर आ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि नशे की लत से युवाओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन समय-समय पर नशे के खिलाफ अभियान चलाने का दावा करता है, लेकिन प्रतिबंधित कफ सिरप की आपूर्ति करने वालों तक कार्रवाई नहीं पहुंच रही है. लोगों ने मांग की कि पूरे नेटवर्क की जांच कर नशा कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










