रातभर जाग कर जिस आवेदन को किया जमा, कलेक्ट्रेट में फांक रहे धूल
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :08 May 2017 6:00 AM (IST)
विज्ञापन

दरभंगा : राशन कार्ड को लेकर प्रशासन आए दिन नये फरमान जारी कर रहा है, लेकिन अब तक आवेदन कर चुके लाभुकों को कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में कतई संजीदा नजर नहीं आ रहा. पिछले 6 फरवरी से 12 अप्रैल तक नए राशन कार्ड को लेकर जमा 14,782 आवेदन समाहरणालय में धूल फांक रहे […]
विज्ञापन
दरभंगा : राशन कार्ड को लेकर प्रशासन आए दिन नये फरमान जारी कर रहा है, लेकिन अब तक आवेदन कर चुके लाभुकों को कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में कतई संजीदा नजर नहीं आ रहा.
पिछले 6 फरवरी से 12 अप्रैल तक नए राशन कार्ड को लेकर जमा 14,782 आवेदन समाहरणालय में धूल फांक रहे हैं. अब तक इन आवेदनों को किसी ने देखा तक नहीं है. जिस तरह बोरे में बंद कर इसे अनुमंडलों से जिला मुख्यालय भेजा गया, ये उसी अवस्था में पड़े हैं.
उम्मीद पर तुषारापात: उल्लेखनीय है कि सरकार ने राशन-किरोसीन के लिए नया कार्ड बनवाने के लिए आवेदन आमंत्रित किया. रतजगा कर लोगों ने खासकर महिलाओं ने घंटों कतार में खड़े होकर आवेदन जमा किया. इस उम्मीद के साथ कि आवेदन देने के कुछ दिनों बाद जांचोपरांत नया राशन कार्ड उनके घर तक पहुंच जाएगा, परंतु आवेदक द्वारा दिया गया आवेदन अब भी समाहरणालय के बरामदे पर प्लास्टिक की बोरी में पड़ा है. इसे देखनेवाला कोई नहीं है.
आवेदन के बरबाद होने की आशंका: बोरी में भरा आवेदन कई आंधी-तूफान देख चुका है. पानी की बौछार में इन बोरियों में रखे आवेदन के भींग जाने की भी आशंका है, लेकिन यह तो तब पता चलेगा जब इसे खोला जायेगा, लेकिन इसे खोलने की बात तो दूर कोई इस ओर पलटकर देखता भी नजर नहीं आ रहा.
जद्दोजहद के बाद जमा हो सका था आवेदन: विदित हो कि इस आवेदन को जमा करने के लिए आवेदकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी. वह दर्द आवेदक और उनके परिजन ही जानते हैं. लोग घर-द्वार छोड़कर सतुआ, नमक, चूरा बांधकर आवेदन जमा करने आए थे.
कई लाभुक तो लाइन में ही बेहोश हो गये थे. आवेदन जमा करने के दौरान की परेशानी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस दौरान कई महिलाएं आपस में ही भिर गईं थी. स्थिति इतनी विकट हो गयी थी कि पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद आवेदन जमा करने को लेकर मारपीट हो जाती थी. भीड़ मुख्य सड़क से लेकर समाहरणालय परिसर के अंदर तक एकत्रित हो जाती थी. अहले सुबह ही लंबी लाइन लग जाती थी. रोते बिलखते बच्चे को मां अपने सीने से चिपकाये लाइन में आवेदन जमा करने के लिए खड़ी रहती थी.
कहां जमा हुए कितने आवेदन : मुख्यालय ने नए राशन कार्ड के लिए 6 फरवरी से आवेदन लेने का आदेश निर्गत किया था. उस पर 12 अप्रैल 2017 को रोक लगा दिया गया. साथ ही अगले आदेश तक आवेदन नहीं लेने के निर्देश जिला प्रशासन को दिया. मालूम रहे कि सदर अनुमंडल आरटीपीएस काउंटर पर 4473, बेनीपुर अनुमंडल में 4799 एवं बिरौल अनुमंडल पर 5511 आवेदकों ने नए राशन कार्ड के लिए आवेदन दिया था.
जिन लोगों ने तीनों अनुमंडल में आवेदन दिया था, सभी आवेदन फोटोयुक्त ऑनलाइन लिए गए थे. साथ ही आवेदक से फॉर्म भी भर कर मांगा गया था. ऑनलाइन आवेदन की जांच प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व अन्य से कराई जा रही है. अगर बरामदे पर रखे आवेदन बर्बाद होते हैं तो कंप्यूटर में लोड है. कोई फर्क नहीं पड़ेगा. वैसे बहुत जल्द विभिन्न प्रखंडों को दिए गए राशन कार्ड का फोटोयुक्त आवेदन भेज दिया जाएगा.
-डॉ गजेंद्र प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




