बीएड में नामांकन को लेकर 25 को जारी की जायेगी कॉलेज आवंटन की सूची
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 20 Jul 2024 11:10 PM
सीइटी पास अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग में भाग लेने के लिये पंजीयन की तिथि शनिवार की रात 12 बजे समाप्त हो गयी.
दरभंगा. प्रदेश के 14 विश्वविद्यालयों के 342 बीएड काॅलेजों में नामांकन को लेकर सीइटी पास अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग में भाग लेने के लिये पंजीयन की तिथि शनिवार की रात 12 बजे समाप्त हो गयी. उम्मीद जतायी जा रही है कि पंजीकृत छात्रों की संंख्या इस वर्ष 1.10 लाख को पार कर जाएगी. खबर लिखे जाने तक 108634 छात्र- छात्रा द्वारा पंजीयन करा लिये जाने की जानकारी कार्यालय को मिल चुकी थी. पंजीकृत छात्रों का दो वर्षीय बीएड एवं शिक्षाशास्त्री पाठ्यक्रम में 37400 सीटों के विरुद्ध नामांकन को लेकर स्टेट नोडल यूनिवर्सिटी (लनामिवि) प्रथम कालेज आवंटन सूची 25 जुलाई को जारी करेगा. बताया जाता है कि इतना अधिक पंजीयन पहली बार हुआ है. काउंसेलिंग में भाग लेने के लिए प्रतिदिन औसतन 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया है. पंजीयन 11 जुलाई से चल रहा था. इस तरह एक सीट पर नामांकन के लिये औसतन तीन आवेदक होंगे. ऐसे में मेधा अंक का कटऑफ बढना निश्चित है. प्राप्त जानकारी के अनुसार काउंसेलिंग सह नामांकन की प्रक्रिया आवंटित कालेजों में 26 जुलाई से शुरू होगी. इसके लिए प्रथम कालेज आवंटन सूची 25 जुलाई को वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी. नामांकन के लिए सीट कंफर्मेशन शुल्क तीन हजार रुपये 26 जुलाई से नौ अगस्त तक स्वीकार किया जाएगा. नामांकन प्रक्रिया 26 जुलाई से 10 अगस्त तक चलेगी. दूसरे राउंड में नामांकन की सूची 13 अगस्त को वेबसाइट पर जारी की जाएगी. इसके आधार पर सीट कंफर्मेशन शुल्क 14 से 25 अगस्त तक तथा नामांकन 14 से 27 अगस्त तक होगा. प्रदेश के सभी बीएड कालेजों में वर्ग संचालन 28 अगस्त से होगा. तीसरे चरण की आवंटन सूची 29 अगस्त को जारी की जाएगी. इसके आधार पर सीट कंफर्मेशन शुल्क 30 अगस्त से छह सितंबर तक तथा नामांकन 30 अगस्त से सात सितंबर तक चलेगा. अंतिम चरण में स्पॉट एडमिशन 10-18 सितंबर तक होगा. सीइटी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार एक बार किसी अभ्यर्थी को कोई कालेज आवंटित हो गया, तो उन्हें आगे की काउंसेलिंग में शामिल नहीं किया जाएगा. आरक्षण रोस्टर केवल सरकारी और अंगीभूत कालेजों में ही लागू होगा. बता दें कि सीइटी बीएड में 180050 छात्र-छात्रा सफल हुए हैं. इसमेंं छात्रा 88218 एवं छात्र 91832 हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










