बिहार: नवादा के घरों में पहुंचने लगा गंगाजल, सीएम नीतीश कुमार ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का किया उद्घाटन

Published at :15 Dec 2023 12:32 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार: नवादा के घरों में पहुंचने लगा गंगाजल, सीएम नीतीश कुमार ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का किया उद्घाटन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवादा में पौरा गांव स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया. अब नवादा में घरों में गंगाजल पहुंचने लगा है. गंगाजल आपूर्ती योजना के दूसरे चरण की शुरुआत सीएम ने नवादा से की है. जानिए क्या होगा फायदा..

विज्ञापन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नवादा को बड़ी सौगात दी. सीएम ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा जलापूर्ति योजना के दूसरे चरण की शुरुआत नवादा से की है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सदर प्रखंड के पौरा गांव में गंगा जलापूर्ति योजना के तहत बनाये गये वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया. हजारों घरों में अब पेयजल के रूप में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गयी है. नवादा सदर प्रखंड अंतर्गत पंचायत पौरा में गंगाजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें जलसंसाधन मंत्री संजय झा भी सीएम के साथ मौजूद रहे.

वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन

नीतीश कुमार नवादा में करीब आधे घंटे तक उद्घाटन समारोह में रहे. पौरा गांव में बनाये गये हेलीपैड पर उन्हें लेकर हेलीकॉप्टर उतरा. मुख्यमंत्री गंगाजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण यहां नीतीश कुमार ने किया. वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने के बाद सीएम ने खुद गंगाजल पीया और उसके बाद नवादा से प्रस्थान किए. अब शहरवासियों को पीने के लिए पेयजल के रूप में गंगाजल मिलना शुरू हो गया है.

हजारों घरों तक पहुंचेगा शुद्ध गंगाजल

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नवादा नगरवासियों को गंगाजल शुद्ध पेयजल के रूप में गंगाजल की आपूर्ति अब होगी. बिहार सरकार के इस भागीरथ प्रयास से पेयजल क्षेत्र में अद्भुत विकास हुआ है. नवादा शहर में गिरते भूजल स्तर की समस्या को यह योजना राहत देगी. गंगाजल आपूर्ति योजना को वर्ष 2051 तक होने वाली जंनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखकर क्रियान्वित किया गया है. सरकार की दूरदर्शी सोच से आने वाली पीढ़ी को भी पेयजल समस्या से पूर्णतः निजात मिलती रहेगी. इस योजना से बाढ़ से राहत, पेयजल संकट से निजात मिलेगी. 135 लीटर शुद्ध पेयजल प्रतिदिन प्रति व्यक्ति को उपलब्ध होगा. यह जल जीवन हरियाली अभियान के अंतर्गत गंगाजल आपूर्ति योजना संचालित की जा रही है.

Also Read: बिहार में भी अब मिलेगा बंपर रोजगार, अदाणी- एयरटेल समेत इन बड़ी कंपनियों का बिछेगा जाल..
सीएम के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम

बता दें कि सीएम के आगमन और कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के सभी आला अधिकारियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कोई कमी नहीं रह जाये, इसको लेकर सभी अधिकारी लगातार जुटे हुए रहे. कार्यक्रम वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र में रखा गया था. इसके लिए इस क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये. वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र के अंदर ही हेलीपैड बनाया गया था, जहां से कार्यक्रम स्थल तक ले जाने और कार्यक्रम संपन्न करने तक सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए अधिकारियों को टास्क दिये गये थे. जिलाधिकारी नवादा और पुलिस अधीक्षक नवादा की ओर से गंगाजल आपूर्ति स्थल पौरा का निरीक्षण किया गया था. सभी अधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया था. वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पौरा में सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गयी थी. बिना पास के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया.जबकि ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी आदि से सुरक्षा की निगरानी की जा रही थी. विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए 40 से अधिक स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के साथ काफी संख्या में सशस्त्र पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कई मंत्री और राज्य प्रशासन के वरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन