बक्सर: अपनी मांगों को लेकर 15 अगस्त से आमरण अनशन करेगा युवक, डीएम को सौंपा आवेदन

बक्सर के एक युवक ने बैंक अधिकारियों पर सिंडिकेट चलाने और सरकारी पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए 15 अगस्त से आमरण अनशन की चेतावनी दी है. युवक ने 12 अगस्त तक कार्रवाई की मांग की है.
Buxar News: बक्सर के एक स्थानीय युवक प्रमोद मिश्रा ने जिलाधिकारी (डीएम) और आरक्षी अधीक्षक (एसपी) बक्सर को आवेदन देकर आगामी 15 अगस्त से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है. यह अनशन शहर में स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष शुरू किया जाएगा.
बैंक अधिकारियों पर सिंडिकेट चलाने और राशि के दुरुपयोग का आरोप
प्रमोद मिश्रा ने अधिकारियों को सौंपे आवेदन में बताया कि उन्होंने पूर्व में भी आवेदन देकर बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India) के अधिकारियों और एक चतुर्थवर्गीय कर्मचारी द्वारा मिलकर सिंडिकेट चलाए जाने की शिकायत की थी.
उनका आरोप है कि संबंधित बैंक कर्मी बिना किसी सही जांच-पड़ताल के सरकारी पैसों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और अपने पद का जमकर दुरुपयोग कर रहे हैं. इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अब तक मामले की कोई निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और न ही कोई कार्रवाई की गई है.
12 अगस्त तक कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
युवक ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासनिक स्तर पर 12 अगस्त तक उनके आवेदन पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी कदम नहीं उठाए गए, तो वे बाध्य होकर 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) से बाबा साहेब की प्रतिमा के पास अनशन शुरू कर देंगे.
इस संबंध में उन्होंने अपने आवेदन की प्रतिलिपि बिहार के मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बिहार, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) बक्सर सदर तथा एसडीपीओ (SDPO) बक्सर सदर को भी सूचनार्थ प्रेषित की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










