विश्व आदिवासी दिवस पर बक्सर में खरवार समाज की हुंकार, हक-अधिकार और जाति प्रमाण पत्र का मुद्दा उठा
फोटो- अतिथि को अंग वस्त्र से सम्मानित करते लोग | Prabhat Khabar Network
बक्सर में विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया गया। खरवार समाज के नेताओं ने हक-अधिकार और विकास के मुद्दों पर जोर दिया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
Buxar News : युवा खरवार महासभा बिहार की जिला इकाई बक्सर की ओर से रविवार को विश्व आदिवासी दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परमानंद खरवार ने की, जबकि संचालन प्रदीप खरवार ने किया. समारोह में खरवार समाज के हक, अधिकार और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया. कार्यक्रम में हजारों महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया.
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ समारोह का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रामगढ़ के पूर्व विधायक अशोक सिंह, विशिष्ट अतिथि डुमरांव विधायक राहुल सिंह, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग बिहार के सदस्य राजू खरवार, बक्सर नगर परिषद अध्यक्ष कैमरुन निशा, चौसा नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. मनोज यादव और युवा खरवार महासभा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इसके बाद सभी अतिथियों ने प्रथम स्वतंत्रता सेनानी नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया.
खरवार समाज के हक के लिए मुख्यमंत्री से मिलने का भरोसा
मुख्य अतिथि अशोक कुमार सिंह ने कहा कि खरवार समाज के हक और अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर वे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की समस्याओं को सरकार के स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जायेगी.
जाति प्रमाण पत्र की समस्या उठी
डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने बक्सर जिले में खरवार समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र मिलने में आ रही समस्याओं का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जिलाधिकारी से मिलकर समस्या के निराकरण की दिशा में पहल की जायेगी.
उन्होंने समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी परेशानी को गंभीरता से लिया जायेगा.
विकास में सहयोग का दिया भरोसा
बक्सर नगर परिषद अध्यक्ष कैमरुन निशा और डॉ. मनोज यादव ने कहा कि खरवार समाज के विकास के लिए वे हमेशा सहयोग करते रहेंगे.
वहीं राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग बिहार के सदस्य राजू खरवार ने कहा कि बिहार सरकार जनजातियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
हजारों लोगों के बीच बांटे पौधे
युवा खरवार महासभा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने समाज की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की. उन्होंने कार्यक्रम के दौरान हजारों लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
उन्होंने कहा कि समाज के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सभी की जिम्मेदारी है. प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल भी करनी चाहिए.
अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में सभी अतिथियों को आदिवासी अंगवस्त्र, पगड़ी और पौधा देकर सम्मानित किया गया. समारोह में बिझौरा पंचायत के मुखिया पिंटू यादव, हकीमपुर पंचायत के मुखिया विनोद सिंह, जदयू जिला उपाध्यक्ष मार्कंडेय पटेल, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष श्रवण तिवारी, भाजपा नेता धनंजय निर्गुण, हम जिला अध्यक्ष ऋषि राय, जदयू नगर अध्यक्ष संजय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नंदू खरवार, सचिव सोनी खरवार, महासचिव शैलेश खरवार, प्रखंड अध्यक्ष नारायण खरवार, सुनील खरवार, मुन्ना खरवार, दीपक खरवार, दिनेश खरवार, मनीष खरवार सहित हजारों महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











