डुमरांव में ‘वृक्ष लगाओ, धरती बचाओ’ अभियान, डॉ. संजय कुमार सिंह बोले-वृक्षारोपण ही प्रदूषण का सबसे बड़ा समाधान

वृक्ष लगाओ, धरती बचाओ” अभियान के तहत पौधारोपण करते लोग
बक्सर के डुमरांव में "वृक्ष लगाओ, धरती बचाओ" अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया.
Buxar Plant Trees Save Earth Campaign : बक्सर जिले के डुमरांव में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक सार्थक पहल देखने को मिली, जहां “प्राकृतिक बचाओ अभियान” के तहत “वृक्ष लगाओ, धरती बचाओ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और छायादार, फलदार व औषधीय पौधों का रोपण कर प्रकृति को बचाने का संदेश दिया. आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और हरित भविष्य की दिशा में ठोस कदम उठाना था.
कार्यक्रम का नेतृत्व भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार सिंह ने किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज पर्यावरण गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है. बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन आने वाले समय के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है. ऐसे हालात में वृक्षारोपण ही एक ऐसा उपाय है, जिससे इस संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
Planting Trees : वृक्षारोपण ही भविष्य की सुरक्षा
डॉ संजय कुमार सिंह ने कहा कि एक पेड़ केवल हरियाली ही नहीं देता, बल्कि अपने पूरे जीवनकाल में हजारों लोगों को लाभ पहुंचाता है. पेड़ ऑक्सीजन देने के साथ-साथ मिट्टी के संरक्षण, वर्षा चक्र को संतुलित रखने और जैव विविधता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें बचाने का भी जिम्मा लें.
जल और जंगल का गहरा संबंध
इस मौके पर जल पुत्र अजय कुमार राय ने भी अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि जल और जंगल एक-दूसरे के पूरक हैं. यदि पेड़ों की संख्या बढ़ेगी तो भूजल स्तर में सुधार होगा और जल संकट से भी राहत मिलेगी. उन्होंने लोगों से अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया.
पौधारोपण के साथ देखभाल भी जरूरी
पर्यावरण मित्र उमेश कुमार रौनियर ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है. जब तक उसकी सही तरीके से देखभाल नहीं की जाएगी, तब तक उसका कोई लाभ नहीं मिलेगा. उन्होंने खासकर युवाओं से अपील की कि वे हर साल कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लें और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करें.
शिक्षकों ने भी दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में शिक्षक विमलेश कुमार सिंह, राजकुमार सिंह और सोनू कुमार सिंह ने भी अपने विचार साझा किए. उन्होंने कहा कि यदि हम आज पर्यावरण को बचाने के लिए गंभीर नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा. इसलिए अभी से जागरूक होकर कदम उठाना जरूरी है.
लोगों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया. साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और जल संरक्षण को अपनाने का संदेश भी दिया गया.
इस मौके पर राजकुमार सिंह, सोनू कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम ने यह साफ कर दिया कि यदि समाज मिलकर प्रयास करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










