ePaper

अहिल्या धाम अहिरौली से आज शुरू होगा पंचकोसी परिक्रमा मेला

Updated at : 08 Nov 2025 10:34 PM (IST)
विज्ञापन
अहिल्या धाम अहिरौली से आज शुरू होगा पंचकोसी परिक्रमा मेला

पांच दिवसीय बक्सर (सिद्धाश्रम) पंचकोसी परिक्रमा का आगाज रविवार से होगा. इसका शुभारंभ नगर के रामरेखाघाट से होगा.

विज्ञापन

बक्सर. पांच दिवसीय बक्सर (सिद्धाश्रम) पंचकोसी परिक्रमा का आगाज रविवार से होगा. इसका शुभारंभ नगर के रामरेखाघाट से होगा. धर्माचार्यों व साधु-संतों की टोली रामरेखाघाट से चलकर अहिल्या धाम अहिरौली पहुंचेंगे और पुआ-पकवान खाकर रात्रि विश्राम करेंगे. परिक्रमा मेला की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. मार्गशीर्ष अगहन मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को यह पौराणिक परिक्रमा प्रारंभ होती है, जिसका समापन दशमी तिथि को चरित्रवन में लिट्टी-चोखा के महाभोज के साथ होता है. परिक्रमा में शामिल श्रद्धालु अलग-अलग दिन अलग-अलग स्थलों पर पहुंचते हैं तथा भजन कीर्तन करते रात गुजारते हैं. पांच परिक्रमा स्थल व उसका पौराणिक महत्व पंचकोसी परिक्रमा का पहला विश्राम सदर प्रखंड के अहिरौली में होता है. वहां अहिल्या माता का दर्शन-पूजन कर पुआ-पकवान खाने का विधान है. परिक्रमा का जत्था दूसरे दिन नदांव पहुंचता है. वहां नारद सरोवर में स्नान आदि के बाद खिचड़ी का प्रसाद खाया जाता है. मान्यता के अनुसार त्रेतायुग में वहां देवर्षि नारद का आश्रम था. तीसरे दिन की परिक्रमा भार्गव आश्रम भभुअर पहुंचती है. वहां भार्गव सरोवर में स्नान व पूजन-अर्चन के बाद चूड़ा-दही का प्रसाद चखा जाता है. चौथे दिन का पड़ाव नुआंव स्थित अंजनी सरोवर के तट पर रहता है. वहां सत्तू व मूली का प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालु रात्रि विश्राम करते हैं. पांचवें व अंतिम दिन का पड़ाव विश्वामित्र आश्रम चरित्रवन में रहता है और वहां गंगा स्नान कर पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालु लिट्टी-चोखा का प्रसाद ग्रहण कर रात गुजारते हैं. त्रेतायुग में प्रभु श्रीराम ने की थी परिक्रमा मान्यता के अनुसार त्रेतायुग में बक्सर पहुंचने पर प्रभु श्रीराम ने परिक्रमा की थी. वे अनुज लक्ष्मण के साथ पांच कोस के दायरे में रहने वाले ऋषि-मुनियों से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे. प्रभु श्रीराम के पहुंचने पर ऋषियों ने उन्हें अलग-अलग तरह के व्यंजन खिलाये थे. उसी परंपरा के निर्वहन को लेकर इस परिक्रमा का आयोजन होता है. डीएम व एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा जिलाधिकारी डॉ विद्यानंद सिंह एवं पुलिस कप्तान शुभम आर्य शनिवार को तैयारियों का जायजा लेने अहिरौली पहुंचे. इस दौरान वे मंदिर परिसर से लेकर पंचकोसी मार्ग का निरीक्षण किए तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक हिदायत दिये. उनके साथ अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त आकाश कुमार चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं जिला जन संपर्क पदाधिकारी अमित कुमार के अलावा सदर बीडीओ साधु शरण पांडेय व सदर सीओ राहुल शंकर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन