बक्सर : एनएच-922 पर अचानक रुकी पिकअप में ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो घायल; एक की हालत गंभीर

सड़क किनारे धंसा गिट्टी लदा ट्रेलर | Prabhat Khabar Network
Buxar Road Accident : बक्सर-कैमूर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एक पिकअप और गिट्टी लदे ट्रेलर की जोरदार टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. एक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
Buxar Road Accident : पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के समीप बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. दूध की आपूर्ति कर रही सुधा डेयरी की पिकअप और गिट्टी लदे ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में पिकअप पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
अचानक ब्रेक लगाने से हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुधा डेयरी की पिकअप उत्तर लेन से ब्रह्मपुर की ओर जा रही थी. उसके पीछे गिट्टी लदा ट्रेलर भी उसी दिशा में चल रहा था. नुआंव गांव के समीप दूध के केन उतारने के लिए पिकअप चालक ने अचानक सड़क पर ही वाहन रोक दिया. पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और ट्रेलर सीधे पिकअप से जा टकराया. टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई और उस पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
गंभीर स्थिति में अस्पताल किया रेफर
घायलों की पहचान नुआंव निवासी कमलेश कुमार तथा पुराना भोजपुर निवासी जयनाथ चौधरी के रूप में हुई है. दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि एक घायल की हालत अधिक गंभीर बनी हुई है.
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को सीधा कर मौके से लेकर फरार हो गया, जबकि गिट्टी लदा ट्रेलर सड़क किनारे कच्ची जमीन में धंस गया. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी है.
Also Read : बक्सर : तालाब सौंदर्यीकरण योजना में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने DM से की जांच की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










