buxar news : नल-जल की पाइपलाइन में लीकेज से रोजाना हजारों लीटर पानी हो रहा बर्बाद

buxar news : डुमरांव प्रखंड के सोवा गांव का मामला, सड़कों पर जलजमाव से लोग परेशान
कृष्णाब्रह्म. डुमरांव प्रखंड के सोवा गांव में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल से जल के तहत वर्षों पहले जलमीनार का निर्माण कराया गया था. गांव के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से भूमिगत पाइप लाइन भी बिछायी गयी थी. शुरुआती दिनों में यह योजना ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आयी थी, परंतु अब यही योजना परेशानी का कारण बनती जा रही है. पिछले कुछ सप्ताह से गांव के कई हिस्सों में पाइपलाइन फटने और लीकेज होने की समस्या बढ़ गयी है. नल खुलते ही पाइप से पानी रिसने लगता है और सड़कों पर बहने लगता है. इस लगातार हो रहे रिसाव से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है. जहां-जहां पानी का रिसाव ज्यादा है, वहां सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. लंबे समय तक पानी भरे रहने से सड़क की ऊपरी परत उखड़ गयी है, जिससे जगह जगह गड्ढे बन गये हैं. इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों का खतरा बना रहता है. गांव के लोगों का कहना है कि जब भी नल से पानी की आपूर्ति शुरू होती है, तब कई जगहों पर पाइप फटने से सड़कों पर छोटे फव्वारे निकलने लगते हैं. लगातार बहते पानी से न केवल सड़कों की स्थिति बिगड़ रही है, बल्कि आसपास की मिट्टी भी धंसने लगी है. कई मकानों के सामने जलजमाव के कारण लोगों को घर से निकलने में परेशानी होती है. कुछ जगहों पर तो यह पानी बदबूदार भी हो गया है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या धीरे धीरे पूरे गांव में फैलती जा रही है. अगर समय रहते पाइप लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़कों का ढांचा पूरी तरह कमजोर हो जायेगा. लगातार हो रही पानी की बर्बादी से एक तरफ जहां स्वच्छ जल का नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ सड़कों की उम्र भी घट रही है. गांव के बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है कि इस योजना की नियमित निगरानी और रखरखाव की व्यवस्था जरूरी है. समय समय पर पाइप लाइन की जांच और मरम्मत से न केवल पानी की बचत होगी, बल्कि सड़कों को भी नुकसान से बचाया जा सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




