ePaper

Buxar News: अष्टमी पर नगर के विभिन्न मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Updated at : 05 Apr 2025 5:20 PM (IST)
विज्ञापन
Buxar News: अष्टमी पर नगर के विभिन्न मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नवरात्र की महाअष्टमी पर शनिवार को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की पूजा श्रद्धा एवं हर्षोल्लास से की गयी.

विज्ञापन

डुमरांव

. नवरात्र की महाअष्टमी पर शनिवार को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की पूजा श्रद्धा एवं हर्षोल्लास से की गयी. इनका वर्ण पूर्ण रूप से गोरा है, इसलिए इन्हें महागौरी कहा गया है. नवरात्र की महाअष्टमी तिथि का विशेष महत्व होता है. मां महागौरी का रंग अत्यंत गोरा है. वे चार भुजाओं वाली हैं, और मां की सवारी बैल है. शास्त्रों के अनुसार मां महागौरी की पूजा करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है. पुराणों के अनुसार नवरात्र की अष्टमी तिथि के दिन विशेष रूप से नारियल का भोग लगाया जाता है. मंदिर में भोग लगाने के तत्पश्चात इसको प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच वितरण भी किया गया. इसके अलावे महागौरी को चना और हलवा का भी भोग लगाया गया, और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

मंदिरों में दर्शन को श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़:

महाअष्टमी को लेकर नगर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. नवरात्र के आठवें दिन कन्या पूजन का भी विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने से सभी प्रकार के पापों का नाश होता है. मां महागौरी को सफेद रंग प्रिय है. भक्तों द्वारा इस दिन सफेद फूल, फल, मिष्ठान के साथ विधिवत पूजा अर्चना की गई. अष्टमी के दिन नगर के विभिन्न देवी मंदिरों में माता रानी का दर्शन व पूजन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही. श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता महागौरी की पूजा अर्चन भक्ति भाव से की. शनिवार को अहले सुबह से ही भक्तों ने स्नान ध्यान करके पूजा की तैयारी में लग गये थे. इस दौरान मंदिरों से लेकर घर तक श्रद्धालुओं ने मां की आराधना कर शांति व मंगल की कामना की. नगर की पंचीत देवी मां काली का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र में रहीं, जहां सैकड़ो श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया. इसके अलावा नगर की देवी मां, डुमरेजनी मंदिर, रेलवे स्टेशन के पास स्थित मां दुर्गा मंदिर, खिरौली व लालगंज कड़वी स्थित काली मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त दर्शन के लिए पहुंचे .

आस्था का केंद्र बनीं मां डुमरेजनी व नगर की काली मां : सनातनियों का सबसे बड़ा त्यौहार नवरात्र के आठवें दिन अष्टमी तिथि होने से नगर से लेकर गांव तक भक्तिमय माहौल बन गया था. वहीं मंदिर परिसर में विद्वान पंडितों का मंत्रोच्चार गूंजता रहा. शंंख व घंटे की ध्वनि से मंदिर के आसपास का माहौल भक्तिमय बना रहा. इस दौरान मंदिर परिसर में महिलाएं पारंपरिक गीत समूह में बैठकर गा रहीं थीं और श्रोता भक्ति में डूबे रहे .

भगवा झंडे से पट गया शहर: नगर के विभिन्न मंदिरों से रामनवमी को लेकर महावीरी जुलूस निकाला जाता है. इसको लेकर फूल, माला, लाइट, एवं झालरों से मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया था. शहर के विभिन्न घरों पर केवल भगवा झंडा ही लहरा रहा है. दुकानें भी भगवा झंडा से पटी रहीं. वहीं हर चौक चौराहे पर जगह-जगह भगवा झंडा, राम नाम एवं हनुमान जी का चित्र वाला झंडा दिख रहा था. लोग जमकर राम नाम का झंडा एवं पट्टा, टोपी की खरीदारी करते नजर आ रहे थे. निर्धारित रूट से ही निकाले जुलूस:

नगर में आज विभिन्न पूजा समितियों द्वारा प्रशासन की ओर से निर्धारित रूट से रामनवमी का जुलूस निकाला जायेगा. इसकी जानकारी देते हुए एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि प्रशासन द्वारा रूट निर्धारित किया गया है. चयनित रूट का साफ सफाई करा कर चकाचक कर दिया गया है. ताकि जुलूस में शामिल लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. वहीं उपद्रवी तत्वों पर प्रशासन की ओर से नजर रखी जा रही है. जुलूस में उपद्रवी या असमाजिक तत्वों द्वारा किसी तरह से कोई उपद्रव करता है तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. जुलूस निकालने वाली समितियों को प्रशासन द्वारा लाइसेंस भी निर्गत किया गया है.

जुलूस के साथ रखना होगा लाइसेंस: जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा निर्गत किए गए लाइसेंस को भी चेक किया जायेगा. इसलिए समिति के लोगों को लाइसेंस साथ में रखना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि जुलूस में किसी तरह का हथियार का प्रदर्शन करना वर्जित है. इस दौरान कोई हथियार का प्रदर्शन करता है तो प्रशासन द्वारा उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAVIRANJAN KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By RAVIRANJAN KUMAR SINGH

RAVIRANJAN KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन