यूपी से पटना जा रही लग्जरी कार से बक्सर में 123 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

Author Vinod singh|Edited by Ragini Sharma
Updated:
विज्ञापन
जप्त कार और गिरफ्तार चालक | Prabhat Khabar Network

जप्त कार और गिरफ्तार चालक

बक्सर में उत्पाद विभाग ने यूपी से पटना ले जाई जा रही एक लग्जरी कार से 123 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है. इस मामले में कार चालक को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई शराब तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

विज्ञापन

Buxar News : बक्सर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है. चौसा यादव मोड़ स्थित उत्पाद विभाग के चौसा चेक पोस्ट पर गुरुवार देर शाम वाहन जांच के दौरान यूपी से पटना जा रही एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान उत्पाद टीम ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल की मौजूदगी में चौसा चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान यूपी नंबर की एक एर्टिगा कार UP63AC/5411 वहां पहुंची. जांच के लिए टीम ने कार को रोका और उसकी तलाशी ली.

तलाशी के दौरान कार की सीटों और डिक्की में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब मिली. उत्पाद विभाग ने कार से कुल 123.57 लीटर विदेशी शराब बरामद की. शराब को इस तरह छिपाया गया था कि पहली नजर में किसी को इसकी भनक नहीं लगे.

यूपी से पटना पहुंचाने की थी तैयारी

उत्पाद विभाग की पूछताछ में गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिले के धनरूआ निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब को उत्तर प्रदेश से लाकर पटना और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की योजना थी.

विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि इस शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर सकता है. इसी को देखते हुए गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

कार जब्त, चालक भेजा गया जेल

उत्पाद विभाग ने शराब के साथ लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया है. गिरफ्तार चालक दीपक कुमार को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शराब तस्करी रोकने के लिए जिले के सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है. चेक पोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा कि विभाग की टीम तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. आने वाले दिनों में भी वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि बिहार में अवैध शराब की सप्लाई पर रोक लगाई जा सके.

फिलहाल उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस और उत्पाद विभाग अब इस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटा है, ताकि शराब की सप्लाई करने वाले अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जा सके.


विज्ञापन
Vinod Singh

लेखक के बारे में

By Vinod Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन