बक्सर: चौगाई गांव के पश्चिमी द्वार की सड़क पर जलजमाव, तालाब जैसी स्थिति से ग्रामीण परेशान
पश्चिम द्वार वाली सड़क पर बना जलजमाव | Prabhat Khabar Network
बक्सर जिले के चौगाई प्रखंड में मुख्य सड़क पर भीषण जलजमाव से ग्रामीणों का जीवन दूभर हो गया है. बारिश के बाद तालाब बनी सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है, जिससे बीमारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है.
Buxar News: बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के चौगाई प्रखंड अंतर्गत चौगाई पंचायत के पश्चिमी द्वार से गांव के अंदर जाने वाली मुख्य सड़क पर भीषण जलजमाव हो गया है. सड़क पर पानी भर जाने से तालाब जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे इस रास्ते से गुजरने वाले सैकड़ों ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, पश्चिमी द्वार से गुजरने वाला यह मार्ग गांव में प्रवेश करने का प्रमुख रास्ता है. बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में जलजमाव होने से स्थिति और भी दयनीय हो गई है.
पूर्व मुख्यमंत्री के गांव की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
सड़क की जर्जर हालत और जलजमाव पर विरोध जताते हुए ग्रामीण अरविंद कुमार सिंह उर्फ बब्लू सिंह, मुन्ना सिंह, रविंद्र सिंह, अश्वनी सिंह, रामप्रवेश सिंह, मुटन प्रसाद केसरी और बंटी सिंह ने कहा कि:
"सड़क की हालत देखकर पुराने जमाने की याद आ रही है. जिस गांव ने बिहार को पूर्व मुख्यमंत्री सरदार हरिहर सिंह जैसा जननेता दिया, आज उसी गांव के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं."
बीमारी फैलने की आशंका, मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि सालों से हर बरसात में इस सड़क पर पानी भर जाता है. जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है. स्थानीय निवासियों ने जनप्रतिनिधियों और अनुमंडल प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए






