बक्सर : नौशाद कुरैशी मारपीट मामले में पुलिस का एक्शन, दो आरोपी गिरफ्तार; नाखून उखाड़ने और खुरपी से दागने का आरोप

गिरफ्तार आरोपी (बाएं) और पीड़ित (दाएं)
Buxar Crime News : बक्सर के नया भोजपुर में नौशाद कुरैशी को बंधक बनाकर अमानवीय यातना देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा.
Buxar Crime News : नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले नौशाद कुरैशी प्रताड़ना मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पीड़ित नौशाद कुरैशी द्वारा सोमवार को नया भोजपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराए जाने के तुरंत बाद पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई और दोनों मुख्य आरोपियों को अलग-अलग समय पर दबोच लिया.
विकास और आकाश यादव भेजे गए न्यायिक हिरासत में
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पीड़ित एमडी नौशाद कुरैशी के आवेदन पर दो नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर नामजद आरोपी विकास यादव (पिता- लूटन यादव) को सोमवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया.
फरार आरोपियों की तलाश जारी
वहीं, दूसरे नामजद आरोपी और उसके सगे भाई आकाश यादव (पिता- लूटन यादव) को मंगलवार की सुबह गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपी नया भोजपुर के ही निवासी हैं. पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.
मजदूरी का पैसा लूटने के लिए सुनसान जगह पर बनाया था बंधक
यह पूरा मामला रविवार का है, जब नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मिस्त्री का कार्य करने वाले स्थानीय निवासी नौशाद कुरैशी (पिता- फजल कुरैशी) के साथ कथित रूप से बर्बरता की गई थी. पीड़ित के अनुसार, वह दिनभर की मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रहा था. उसी दिन उसे मेहनताना के रूप में पांच हजार रुपये मिले थे. आरोप है कि जैसे ही वह रास्ते में पहुंचा, तभी गांव के ही दो नामजद युवकों सहित तीन-चार अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया. इसके बाद आरोपी उसे जबरन एक सुनसान स्थान पर ले गए और वहां बंधक बना लिया.
नाखून उखाड़े और गर्म खुरपी से दागा
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसके पास मौजूद पैसे लूटने की नीयत से पहले लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की. इसके बाद भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने अमानवीय यातनाएं दीं. आरोपियों ने प्लास या किसी धारदार हथियार से उसके हाथ-पैर के नाखून उखाड़ दिए और लोहे की खुरपी को आग में लाल कर उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर सटाकर दाग दिया. इस अमानवीय कृत्य के कारण नौशाद गंभीर रूप से झुलस गया.
खौफ के कारण देर से पहुंचे थाने
घटना के बाद भय और सदमे के कारण उसने तत्काल किसी को कुछ नहीं बताया. अगले दिन जब दर्द असहनीय हो गया, तब उसने परिजनों को आपबीती सुनाई. परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है.
Also Read : गया जी में महिला को डायन बताकर की मारपीट, FIR दर्ज; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










