गया जी में महिला को डायन बताकर की मारपीट, FIR दर्ज; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

सांकेतिक तस्वीर
Gaya Ji Crime News : गया जी जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के एरकी गांव में एक महिला को डायन बताकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
बेलागंज से अजीत कुमार की रिपोर्ट
Gaya Ji Crime News : बेलागंज थाना क्षेत्र के एरकी गांव में अंधविश्वास और कुप्रथा के नाम पर एक महिला के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना में गंभीर रूप से घायल हुई पीड़ित महिला मीना देवी ने गांव के ही कुछ दबंगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
जबरन घर में घुसे आरोपी
पीड़िता का कहना है कि आरोपी जबरन उसके घर में घुस आए और उसे ‘डायन’ कहकर अपशब्दों का प्रयोग करने लगे. जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी.
Also Read : गया जी में नाबालिग से जुड़े वायरल वीडियो मामले ने पकड़ा तूल, आरोपी रेहान की तलाश में जुटी पुलिस
बेहतर इलाज के लिए गया जी रेफर
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने घायल मीना देवी को तत्काल इलाज के लिए बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया. वहां के डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे गया (मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल) रेफर कर दिया.
इलाज के बाद थाने पहुंची पीड़िता
अस्पताल से इलाज कराकर लौटने के बाद सोमवार को पीड़िता सीधे बेलागंज थाना पहुंची और न्याय की गुहार लगाते हुए घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
जान से मारने की नीयत से किया हमला, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता ने थाने में दिए अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने पूरी तरह अंधविश्वास के वशीभूत होकर उसे जानबूझकर निशाना बनाया और जान से मारने की नीयत से उस पर जानलेवा हमला किया. बेलागंज थाना पुलिस ने पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर संबंधित गंभीर धाराओं और डायन प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है.
Also Read : गया जी : एक मोबाइल नंबर से जुड़े थे परिवार के तीन खाते, साइबर ठगों ने ई-चालान लिंक भेजकर उड़ाए 5.17 लाख
Gaya Ji News : आरोपियों की तलाश में छापेमारी
इस संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि महिला के आवेदन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
अंधविश्वास और कुप्रथा बर्दाश्त नहीं
थानाध्यक्ष ने कड़े लहजे में कहा कि सभ्य समाज में किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, अफवाह या डायन-प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुप्रथाओं को कानून कतई बर्दाश्त नहीं करता है. उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के अंधविश्वास या अफवाहों के झांसे में न आएं और गांव में किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति बनने पर तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें.
Also Read : गया जी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










