बक्सर: सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक, शहीद सुनील सिंह की प्रतिमा बने, चौसा तक पहुंचे मरीन ड्राइव

Author Vinod singh|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
दिशा की बैठक में शहीद की प्रतिमा, मरीन ड्राइव विस्तार और गैस रीफिलिंग पर उठे मुद्दे

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह की प्रतिमा लगाने और मनेर-बक्सर मरीन ड्राइव को चौसा तक विस्तारित करने की प्रमुख मांगें उठीं. उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस सिलेंडर रीफिलिंग की समय सीमा घटाने का भी प्रस्ताव दिया गया.

विज्ञापन

Buxar News : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में जिले की विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई. चौसा नगर पंचायत की ओर से पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास संबंधी कई अहम प्रस्ताव बैठक में रखे.

शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह की प्रतिमा लगाने की उठी मांग

बैठक में डॉ. मनोज कुमार यादव ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए चौसा के वीर सपूत, सेना मेडल से सम्मानित हवलदार सुनील कुमार सिंह की स्मृति में चौसा में आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि शहीद की प्रतिमा उनके अद्वितीय बलिदान को स्थायी सम्मान देगी और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी.

मनेर-बक्सर मरीन ड्राइव को चौसा तक बढ़ाने का प्रस्ताव

डॉ. यादव ने मनेर से बक्सर तक प्रस्तावित मरीन ड्राइव परियोजना को चौसा तक विस्तारित करने का सुझाव भी दिया. उन्होंने कहा कि परियोजना के चौसा तक पहुंचने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी, आवागमन आसान होगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

गैस सिलेंडर रीफिल की समय सीमा घटाने की मांग

बैठक में चौसा नगर पंचायत के उपभोक्ताओं की समस्या उठाते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की रीफिलिंग के लिए निर्धारित 45 दिनों की अनिवार्य अवधि को घटाकर 25 दिन करने की मांग भी की गई. डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. समय सीमा कम होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी.

सांसद ने संबंधित विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

बैठक के दौरान सांसद सुधाकर सिंह ने सभी प्रस्तावों और जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना. उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और प्रस्तुत मांगों पर नियमानुसार पहल करने का निर्देश दिया. बैठक में जिले की विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा जनहित के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया.



विज्ञापन
Vinod Singh

लेखक के बारे में

By Vinod Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन