ज्योति चौक से निकलेगी भगवान शिव की बरात

Updated at : 24 Feb 2017 8:16 AM (IST)
विज्ञापन
ज्योति चौक से निकलेगी भगवान शिव की बरात

बक्सर : महाशिवरात्रि को लेकर गुरुवार को देर शाम तक शहर में शिवालयों को सजाया गया और उसे अंतिम रूप देने के लिए पुजारी देर रात तक लगे रहे. वहीं, दूसरी तरफ महाशिवरात्रि के मौके पर निकलनेवाली बरात को लेकर भी तैयारियां युद्ध स्तर पर चलीं. शहरवासियों को शिव की बरात, शिव की शादी और […]

विज्ञापन
बक्सर : महाशिवरात्रि को लेकर गुरुवार को देर शाम तक शहर में शिवालयों को सजाया गया और उसे अंतिम रूप देने के लिए पुजारी देर रात तक लगे रहे. वहीं, दूसरी तरफ महाशिवरात्रि के मौके पर निकलनेवाली बरात को लेकर भी तैयारियां युद्ध स्तर पर चलीं. शहरवासियों को शिव की बरात, शिव की शादी और फिर कलेवा के भोज का बेसब्री से इंतजार है. शुक्रवार को होनेवाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर घर-घर में महिलाएं भी जो व्रत रखती हैं, वे फल-फूल खरीदने और तैयारियों में जुट गयीं हैं.
बाजारों में बढ़ी चहल-पहल : बाजार में फलों के दाम में भी चौगुना इजाफा हो गया है. गाजर, मिश्रीकंद, बैर, भांग, धतूरा के साथ फूल-मालाओं की जबरदस्त बिक्री हो रही है. बाजार में महाशिवरात्रि को लेकर ज्यादातर महिला भक्त ही दिख रही हैं. शहर में महाशिवरात्रि को लेकर ज्योति प्रकाश चौक स्थित शिव विवाह महोत्सव का आयोजन करनेवाली ग्राम सुधार समिति कोइरपुरवा की ओर से तैयारियां चल रही हैं, 12 ऊंट, तीन हाथियों के साथ ब्रह्मा, विष्णु, महेश के साथ हनुमान जी, नारद जी, शेषनाथ एवं पांच राक्षसों की झांकी की तैयारी है, जो ट्रैक्टरों पर शहर में भ्रमण करेगी.
इस रास्ते से गुजरेगी शिव की बरात : ज्योति प्रकाश चौक से स्टेशन, खलासी मुहल्ला, सिंडिकेट, माखनभोग, पीपी रोड होते हुए गौरीशंकर मंदिर तक बरात जायेगी और शादी कर पार्वती जी को लेकर लौटेगी. गौरीशंकर मंदिर सोहनीपट्टी में शादी की तैयारी है़ ज्ञात हो कि ग्राम सुधार समिति में शिव वचन सिंह ने वर्षों पहले इस बरात की शुरुआत करायी थी. वहीं, दूसरी तरफ खलासी मुहल्ले में भी शिव बरात और झांकी निकालने की तैयारी युद्ध स्तर पर जारी है. बक्सर वासियों को इन दोनों झांकियों के दर्शन का बेसब्री से इंतजार है.
डुमरांव. महाशिवरात्रि को लेकर नगर के विभिन्न शिवालयों में गुरुवार दोपहर से अखंड हरिकिर्तन का आयोजित किया गया, जिससे नगर हरिकीर्तन से गुंजायमान हो उठा. शुक्रवार को फाल्गुन कृष्ण त्रयोदशी महाशिवरात्रि को लेकर नगर सहित अनुमंडल के विभिन्न शिवालयों को आकर्षण ढंग से सजाया गया है. स्टेट हाइवे डुमरांव-बिक्रमगंज पथ स्थित लंगटू महोदव मंदिर, जंगलीनाथ शिव मंदिर, काली आश्रम शिव मंदिर, निमेज टोला, बंधन पटवा रोड, शक्तिद्वार के समीप, छठिया पोखरा महाकाल नागेश्वर शिव मंदिरों को आकर्षण ढंग से सजाया गया. कुशलपुर पंचायत अंतर्गत महरौरा शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन वार्षिकोत्सव पूजन पर भव्य मेला लगता है.
सुरक्षा व्यवस्था होगी दुरुस्त : सुरक्षा को लेकर जगह-जगह पुलिस-बल तैनात रहेंगे. मेले की सूचना स्थानीय थाने में दी गयी है. महरौरा शिव मंदिर के समीप पोखर के चारों तरफ मेले जैसा दृश्य रहता है. मेला व मंदिर में मत्था टेकने हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. पुजारी मगरु राय ने बताया कि श्रद्धा मन से पहुंचने वाले भक्तों की मुराद पूरा होती है. जंगलीनाथ मंदिर, छठिया पोखर स्थिति महाकाल नागेश्वर मंदिर, महरौरा शिव मंदिर परिसर में अखंड हरिकीर्तन शुरू होने से माहौल भक्तिमय हो गया है.
प्रशासनिक तैयारियां पूरी, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम : ब्रह्मपुर प्रखंड के बाबा बरमेश्वर नाथ नगरी ब्रह्मपुर में महा शिवरात्रि के अवसर पर लगनेवाले मेले एवं बाबा के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई न हो इसके लिए प्रशासन ने गुरुवार को ही सुरक्षा के इंतजाम कर लिए हैं.
बीडीअो भगवान झा ने बताया कि शिवरात्रि मेले को लेकर मंदिर जानेवाले सभी रास्तों को बैरिकेटिंग कर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. इन सभी रास्तों पर सोलह दंडाधिकारी तैनात रहेंगे. मंदिर को सुरक्षा को लेकर 10 सीसीटीवी कैमरे से 24 घंटे आने-जानेवाले लोगों पर नजर रखी जायेगी. मंदिर समिति के अध्यक्ष शिव गोपाल पांडे ने बताया कि मंदिर समिति के स्वयं सेवक मंदिर के चारों तरफ श्रद्धालुओं के सुविधा के लिए उपलब्ध रहेंगे. साथ ही शिव सागर तालाब के आस पास दो कोने पर टावर बनाये गये हैं जिससे वीडियो रिकॉर्डिंग द्वारा तालाब में स्नान करनेवाले श्रद्धालुओं पर नजर रखी जायेगी. किसी अनहोनी के मद्देनजर तालाब में दो नावों के साथ आठ गोताखोरों को तैनाती की गयी है़
मंदिर परिसर में चिकित्सा पदाधिकारी उदय शंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में चिकित्सा टीम एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ी की तैनाती की गई है.
इस संबंध में सीओ श्री भगवान सिंह से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि पीएचइडी से पर्याप्त मात्रा में चापाकल लगवाये जा रहे हैं, एक-दो दिन में इस समस्या का हल निकल जायेगा. रोशनी के लिए जेनेरेटर की व्यवस्था की जा रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन