30 रुपये में 24 घंटे होटल जैसी मिलेगी सुविधा

Updated at : 04 Apr 2018 6:26 AM (IST)
विज्ञापन
30 रुपये में 24 घंटे होटल जैसी मिलेगी सुविधा

50 बेडों व अन्य दूसरी सुविधाओं से है लैस पंद्रह दिनों के अंदर जनता को किया जायेगा समर्पित बक्सर : अब होटलों जैसा आनंद रैन बसेरा में मिलेगा. यहां रुकने के लिए आपको 24 घंटे के लिए मात्र 30 रुपये देने होंगे. जिले का पहला व एक मात्र रैनबसेरा बन कर तैयार है. दीन दयाल […]

विज्ञापन

50 बेडों व अन्य दूसरी सुविधाओं से है लैस

पंद्रह दिनों के अंदर जनता को किया जायेगा समर्पित
बक्सर : अब होटलों जैसा आनंद रैन बसेरा में मिलेगा. यहां रुकने के लिए आपको 24 घंटे के लिए मात्र 30 रुपये देने होंगे. जिले का पहला व एक मात्र रैनबसेरा बन कर तैयार है. दीन दयाल अंत्योदय शहरी आजीविका विकास मिशन के तहत इसे तैयार किया गया है. इस एकमात्र रैन बसेरा पर 40.87 लाख रुपये खर्च किये गये हैं. शहर के पुलिस चौकी बस स्टैंड के समीप बने दोमंजिला रैनबसेरा को कई सुविधाओं से लैस किया गया है. रैनबसेरा 50 बेडों वाला है. सुविधाओं के तौर पर बाथरूम व किचेन की व्यवस्था करायी गयी है. यहां रुकने वालों को एक तय कीमत पर भोजन भी परोसा जायेगा. इसकी पूरी कार्य योजना नगर पर्षद ने बनाना शुरू कर दिया है.
रैन बसेरा को होटल का लुक दिया गया है. यहां रुकने वालों को 24 घंटे के लिए 30-50 रुपये का शुल्क अदा करना होगा. आने वाले 15 दिनों के भीतर इस नवनिर्मित रैनबसेरे का विधिवत उद्घाटन करके इसे जनता को समर्पित कर दिया जायेगा. नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रैन बसेरा का उद्घाटन बक्सर के जिलाधिकारी द्वारा कराया जायेगा. इसकी पूरी तैयारी कर ली गयी है.
मनोरंजन के लिए टेलीविजन भी: रैन बसेरा में मनोरंजन के वास्ते टेलीविजन भी लगाया जायेगा. सुविधा के नाम पर यहां रुकने वालों को अलग से बिछावन व गद्दा भी दिया जायेगा. पूरा रैन बसेरा सीसीटीवी कैमरे से लैस रहेगा. प्रत्येक बेड के पास एक-एक डस्टबीन रखने का प्रावधान है. साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. रैन बसेरा के ग्राउंड फ्लोर पर एक ऑफिस खोला जायेगा. सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. चालू वित्तीय वर्ष में विभाग से आने वाली गाइड लाइनों के आधार पर कई तरह की व्यवस्थाओं से रैन बसेरा को नगर पर्षद लैस करेगा.
महिला समूह के हाथों होगा संचालित: रैनबसेरा को एएलओ (एरिया लेबल ऑर्गनाइजेशन) महिलाओं का स्वयं सहायता समूह संचालित करेगा. संचालन की प्रक्रिया को लेकर नगर पर्षद ने अपनी कागजी कार्रवाई तेज कर दी है. इसको लेकर महिला स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड को गाइड लाइन जारी किया गया है.
रैनबसेरे से किसको मिलेगा लाभ
इस रैनबसेरे से वैसे लोगों को फायदा होगा, जिनके पास अपना घर नहीं है. खासकर वैसे लोग जो दिन भर फुटपाथों पर रोजी-रोजगार को लेकर पसीना बहाते हैं, और रात के वक्त किसी दुकान या शहर के किसी चौराहे के किनारे सो जाते हैं. ऐसे लोगों के लिए यह रैनबसेरा बड़े फायदे का होगा. फुटपाथी लोग अब अपने परिवार के साथ रैनबसेरे में रात गुजार सकते हैं. इतना ही नहीं एक तय कीमत देकर उन्हें पका-पकाया गर्मागर्म भोजन भी परोसा जायेगा. एक टाइम के भोजन का शुल्क भी कोई खास नहीं होगा. यहां रुकने वालों को दिन में चावल-दाल व सब्जी व रात में रोटी सब्जी परोसा जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन