छात्रों और शरारती तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई : सीनियर कमांडेंट

Updated at : 28 Feb 2018 4:26 AM (IST)
विज्ञापन
छात्रों और शरारती तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई : सीनियर कमांडेंट

छह लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी बक्सर : सोमवार को मैट्रिक परीक्षार्थियों द्वारा रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ किये जाने के बाद रेल पुलिस सख्त हो गयी है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपद्रवियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. वहीं पुलिस ने इस मामले […]

विज्ञापन

छह लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

बक्सर : सोमवार को मैट्रिक परीक्षार्थियों द्वारा रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ किये जाने के बाद रेल पुलिस सख्त हो गयी है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपद्रवियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. वहीं पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है. वहीं मंगलवार को सीनियर कमांडेंट चंद्रमोहन मिश्रा और एसीपी मनोज कुमार ने बक्सर स्टेशन का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरपीएफ पोस्ट पर सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया. साथ ही जहां-तहां पड़े सामान को हटाने का निर्देश दिया. सीनियर कमांडेंट ने कहा कि स्टेशन परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हर हाल में करनी है.
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना में छात्रों के साथ आसपास के कुछ शरारती तत्व शामिल हो गये थे, जिसके चलते रेलवे को इतना बड़ा नुकसान हुआ है. उन्होंने बताया कि छात्रों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी. किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा. बताया कि वीडियो फुटेज के माध्यम से शरारती तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है. स्थानीय पुलिस की मदद से शरारती तत्वों और छात्रों को गिरफ्तार किया जायेगा. साथ ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने बताया कि अगर सुरक्षा में थोड़ी से भी चूक हो जाती तो पूरा स्टेशन को उपद्रवी जला देते. पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गयी है. छह लोगों के खिलाफ नामजद और अन्य कई लोगों पर अज्ञात प्राथमिकी दर्ज की गयी है. साथ ही सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. बता दें कि सोमवार को मैट्रिक के परीक्षार्थियों ने गणित व साइंस के प्रश्न पत्रों को आउट ऑफ व कठिन बताते हुए बक्सर शहर सहित रेलवे स्टेशन पर जमकर उपद्रव मचाया था.
कहा, बढ़ायी जायेगी रेल और स्टेशनों की सुरक्षा
एक करोड़ रुपये का हुआ नुकसान
छात्रों द्वारा स्टेशन पर किये गये उपद्रव में रेलवे को करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. छात्रों ने स्टेशन पर जमकर पथराव किया था, जिसमें रेलवे के सामान को छात्रों ने तोड़ दिया था. वहीं कई कागजात को लेकर भागने में सफल रहे. आरपीएफ सीनियर कमांडेंट चंद्रमोहन मिश्रा ने कहा कि इस घटना में करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है. अभी सूची तैयार की जा रही है. सभी विभागों से रिपोर्ट मांगी गयी है.
आरपीएफ की तीन कंपनियां होंगी तैनात
आरपीएफ सीनियर कमांडेंट चंद्रमोहन मिश्रा ने कहा कि एक आरपीएसएफ की कंपनी बक्सर स्टेशन पर तैनात की जायेगी. अभी कुछ जवानों की तैनाती की गयी है. बहुत जल्द एक आरपीएसएफ कंपनी को तैनात किया जायेगा. उन्होंने कहा कि ट्रेनों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ायी जायेगी.
दानापुर से चौसा तक तैनात होंगे स्काॅर्ट: सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ कमांडेंट चंद्र मोहन ने कहा कि दानापुर से चौसा तक सभी ट्रेनों में स्काॅर्ट टीम मौजूद रहेगी, जो शरारती तत्वों पर नजर रखते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी. उन्होंने बताया कि दानापुर से लेकर चौसा के बीच सबसे ज्यादा घटनाएं घटती हैं. इसे देखते हुए तैनात किया जायेगा.
स्टेशन पर लगाये जायेंगे सीसीटीवी: सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्टेशन परिसर में सीसीटीवी लगाये जायेंगे. इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा जायेगा. आरपीएफ कमांडेंट ने कहा कि घटनाओं को देखते हुए स्टेशन परिसर में सीसीटीवी लगाने के लिए बोर्ड को प्रस्ताव भेजा जायेगा. साथ ही बाउंड्ररीवॉल भी बनवाने के लिए बोर्ड को भेजा जायेगा. दोनों के बनने से घटनाओं में कमी आयेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन