ठंड बढ़ते ही जिले में चोरी की वारदातें बढ़ी

जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ते ही चोरी की घटनाओं में इजाफा देखा जा रहा है. हालात यह हैं कि प्रतिदिन औसतन एक से दो चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं.
बिहारशरीफ. जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ते ही चोरी की घटनाओं में इजाफा देखा जा रहा है. हालात यह हैं कि प्रतिदिन औसतन एक से दो चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं. वाहन से बैट्री, मवेशी, मोटर पंप सेट की चोरी के साथ-साथ बंद घरों और दुकानों को भी अपराधी निशाना बना रहे हैं. राहत की बात यह है कि इस वर्ष अन्य वर्षों की तुलना में बड़ी आपराधिक घटनाओं पर पुलिस ने काफी हद तक नियंत्रण रखा है, लेकिन छोटी-मोटी चोरी और छिनतई की घटनाओं पर प्रभावी लगाम नहीं लग पाई है. इसे लेकर आम लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है. कई मामलों में पीड़ित छोटी चोरी, फसल की चोरी जैसी घटनाओं की शिकायत थाने तक दर्ज कराने से भी बच रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि 112 नंबर पुलिस वाहन शाम ढलते ही चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर बत्ती जलाकर तैनात रहती है, जिससे बड़े अपराधों पर अंकुश लगा है. लेकिन गली-मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों में बाइक गश्ती की सुस्ती के कारण छोटे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.समाजसेवी विकास कुमार उर्फ गांधी जी, बैंक कर्मी विजय कुमार और शिक्षक टिंकू कुमार बताते हैं कि रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस मुख्य मार्गों पर तो दिखाई देती है, लेकिन संकीर्ण गलियों और अंधेरे रास्तों में बाइक सवार गश्ती लगभग नदारद रहती है. इसी का फायदा उठाकर स्मैकर, नशेड़ी और छोटे अपराधी दुकानों, गुमटियों, सड़क किनारे खड़े वाहनों की बैट्री और बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गली-मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात्रि बाइक गश्ती को सक्रिय किया जाए, ताकि चोरी, छिनतई और मवेशी चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सके. आमजन का मानना है कि यदि हर इलाके में पुलिस की समान और नियमित मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, तो अपराधियों के हौसले अपने-आप पस्त हो जाएंगे.
केस–01
तीन जनवरी की रात सिलाव थाना क्षेत्र के खाकी चौक के पास स्थित सुबोध कुमार की सीमेंट दुकान की छत की ग्रिल काटकर चोरों ने सीसीटीवी का डीवीआर, एलईडी टीवी सहित लगभग 30 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली.केस–02
दो जनवरी की रात सरमेरा थाना क्षेत्र के मीरनगर गांव निवासी मनोरंजन सिंह के घर के बगल में लगे सबमर्सिबल मोटर पंप की चोरों ने चोरी कर ली. चोरी गए पंप की कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है.
केस–03 दो जनवरी की रात हरनौत थाना क्षेत्र के गोनावां रोड स्थित एक फर्नीचर दुकान से अज्ञात चोरों ने नकद राशि सहित हजारों रुपये मूल्य की मशीनों की चोरी कर ली. इसको लेकर पीड़ित दुकान ने एफआईआर दर्ज करायी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




