हंगामें के साथ शुरू हुई इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा

Published by : SANTOSH KUMAR SINGH Updated At : 02 Feb 2026 9:32 PM

विज्ञापन

इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा सोमवार से जिले के 40 परीक्षा केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा सोमवार से जिले के 40 परीक्षा केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है. जिला प्रशासन के द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं. परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, कर्मियों तथा केंद्राधीक्षकों को शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजित करने के लिए जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार तथा पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के द्वारा ब्रीफिंग के माध्यम से सख्त निर्देश दिए गए थे. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के द्वारा परीक्षा को लेकर जारी किए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया था. हालांकि परीक्षा के प्रथम दिन ही प्रथम पाली में जिले के कई परीक्षा केन्द्रों पर देर से आने वाले परीक्षार्थियों तथा अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया. स्थानीय किसान कॉलेज सोहसराय परीक्षा केंद्र पर जहां छात्राएं गेट के ऊपर लगे हुए खतरनाक नुकीले लोहे के रोड को पार कर महाविद्यालय के परिसर में प्रवेश करने की कोशिश करते देखी गई, तो स्थानीय एसएस बालिका प्लस टू विद्यालय कचहरी रोड में देर से आने वाली छात्राएं तथा उनके परिजन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा अधिकारियों से तकरार करते देखे गए. कई अन्य परीक्षा केन्द्रों पर भी देर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा में प्रवेश नहीं दिए जाने से उनमें आक्रोश देखा गया. हालांकि जिले में प्रथम पाली में बायोलॉजी तथा फिलासफी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सका. द्वितीय पाली में अर्थशास्त्र की परीक्षा में अधिकांश परीक्षा केन्द्रों पर काफी कम विद्यार्थी होने के कारण कहीं कोई शोर- सरावा नजर नहीं आया. अधिकांश परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की अच्छी उपस्थिति देखी गई. प्रथम पाली की परीक्षा में 27678 परीक्षार्थियों में से 465 जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा में 1460 परीक्षार्थियों में से 42 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे.

कई परीक्षार्थियों की देर से आने पर छूटी परीक्षा:-

प्रथम दिन की परीक्षा में ही देर से आने के कारण कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गई है. ऐसे छात्र-छात्राओं में भारी मायूसी देखी गई. कई छात्राएं परीक्षा केन्द्रों के पास रोते हुए भी देखी गई, जहां उनके परिजन उन्हें सान्त्वना देकर वापस घर ले गए. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के द्वारा प्रथम पाली की परीक्षा में परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पूर्व तक ही प्रवेश करने की अनुमति दी गई थी. ऐसे में सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों को 9:00 बजे पूर्वाह्न तक ही परीक्षा में प्रवेश दिया गया. 9:00 बजे के बाद परीक्षा केन्द्रों का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया.जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी देर से आने वाले परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित रह गए.

कड़ी तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को मिला प्रवेश:-

परीक्षा समिति के निर्देशानुसार जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों को प्रवेश द्वार पर ही कड़ी तलाशी तथा चेहरा मिलान करने के बाद ही परीक्षा भवन में प्रवेश दिया गया. शिक्षकों के द्वारा भी परीक्षार्थियों की सख्ती से जांच की गई, ताकि कदाचार तथा फर्जी परीक्षार्थियों पर रोक लगाई जा सके. परीक्षार्थियों के जूते- मोजे प्रवेश द्वार पर ही खुलवाए गए. इसी प्रकार मोबाइल, घड़ी अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को भी पूरी तरह से प्रतिबंधित रखा गया.

डीएम तथा एसपी ने लिया परीक्षा केन्द्रों का जायजा:-

इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा में जिला प्रशासन के द्वारा सभी 40 परीक्षा केन्द्रों के लिए कुल 115 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 38 गश्ती दल मजिस्ट्रेट, 20 उड़न दस्ता मजिस्ट्रेट तथा 8 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है. हालांकि प्रथम दिन की परीक्षा में जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार तथा पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के द्वारा भी जिला मुख्यालय स्थित एसएस बालिका प्लस टू विद्यालय कचहरी रोड तथा सदर आलम मेमोरियल स्कूल कागजी मोहल्ला का गहन निरीक्षण किया गया. उन्होंने परीक्षा में संलग्न अधिकारियों तथा वीक्षकों को पूरी सतर्कता तथा निष्ठा पूर्वक कर्तव्य निर्वहन का निर्देश दिया.

प्रथम दिन तीन परीक्षार्थी हुए परीक्षा से निष्कासित:-

इंटरमीडिएट परीक्षा के प्रथम दिन ही तीन विभिन्न परीक्षा केन्द्रों से एक-एक परीक्षार्थी को कदाचार के मामले में परीक्षा से निष्कासित किया गया है. नालंदा विद्या मंदिर पतासंग तथा किसान कॉलेज सोहसराय परीक्षा केंद्र से प्रथम पाली की परीक्षा में कदाचार के मामले में एक-एक छात्रा को परीक्षा से निष्कासित किया गया है. इसी प्रकार केएसटी कॉलेज सोहसराय परीक्षा केंद्र से भी एक छात्र को कदाचार के मामले में परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया है. द्वितीय पाली की परीक्षा में किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित नहीं किया गया है.

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन