शेखपुरा बाईपास पर चीनी लदे ट्रक में मिला खून से सना शव, लूट-हत्या की आशंका
घटना स्थल पर लगी भीड़
शेखपुरा बाईपास पर चीनी लदे ट्रक के केबिन में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं, पुलिस हत्या की जांच कर रही है।
Murder Mystery : बिहारशरीफ के शेखपुरा में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शहर के बाईपास के पास एनएच-333ए पर खड़े एक चीनी लदे ट्रक के केबिन से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ. शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है.
केबिन के अंदर मिला शव, चाकू के निशान
टाउन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक के केबिन के अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला. शव पर चाकू से कई वार किए जाने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं. पहली नजर में ऐसा लग रहा है कि मृतक ट्रक का चालक या सहचालक हो सकता है. पुलिस अब शव की पहचान कराने में जुटी है.
Crime News : फोन नहीं उठाने पर खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब शेखपुरा शहर के बुधौली निवासी व्यवसायी अशोक प्रसाद ने ट्रक चालक से संपर्क करने की कोशिश की. दरअसल, उन्होंने इस ट्रक से चीनी मंगवाई थी. शुक्रवार की शाम करीब छह बजे उनकी चालक से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी.
शनिवार की सुबह जब ट्रक से सामान उतरवाने के लिए चालक को फोन किया गया, तो मोबाइल बंद मिला. इसके बाद संदेह होने पर कुछ लोग ट्रक के पास पहुंचे.
अंदर से बंद था केबिन
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि ट्रक का केबिन अंदर से बंद है. जब किसी तरह अंदर झांककर देखा गया, तो एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला. यह दृश्य देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
मुजफ्फरपुर का बताया जा रहा ट्रक
स्थानीय लोगों के अनुसार यह ट्रक मुजफ्फरपुर का बताया जा रहा है. घटना के बाद यह भी चर्चा है कि चालक या सहचालक में से एक व्यक्ति मौके से फरार है. इससे घटना को लेकर शक और गहरा गया है.
लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका
प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि चीनी लदे ट्रक को लूटने के प्रयास में इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
हर पहलू पर जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. ट्रक के मालिक, चालक और मृतक की पहचान के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोग इस खौफनाक वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










