नालंदा के देवीसराय डकैती केस में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, पूर्व चालक बबलू ने निभाई थी लाइनर की भूमिका
सांकेतिक तस्वीर
नालंदा के देवीसराय में करोड़ों की बहुचर्चित डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने पांचवें आरोपी बबलू कुमार को गिरफ्तार किया है, जो पीड़ित परिवार का पूर्व चालक था. उसने डकैती में लाइनर की भूमिका निभाई थी.
Nalanda Robbery Case Arrest : बिहारशरीफ शहर के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय में बीते 3 अगस्त की रात हुई करोड़ों की चर्चित भीषण डकैती के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पांचवें आरोपित को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बागी-बगडीहा गांव निवासी महेंद्र महतो के पुत्र बबलू कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार बबलू पूर्व में पीड़ित परिवार के घर चालक के रूप में काम करता था और उसे घर की गतिविधियों तथा सामान के संबंध में काफी जानकारी थी.
डकैती में लाइनर की भूमिका और शराब के धंधे में संलिप्तता
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बबलू ने डकैती की वारदात में लाइनर की भूमिका निभाई थी. उसने अपराधियों को घर की गतिविधियों की जानकारी देने के साथ ही उन्हें घर के अंदर प्रवेश करने में सहयोग किया था.
गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस को गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया है कि डकैती की इस वारदात में करीब 10 अन्य अपराधी भी शामिल थे.
उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद डकैती की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
इधर, बागी-बगडीहा गांव से जुड़े सूत्रों के अनुसार चालक की नौकरी छोड़ने के बाद बबलू कथित रूप से शराब के कारोबार में संलिप्त हो गया था और वर्तमान में भी इसी धंधे से जुड़ा हुआ था. हालांकि, पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है.
पूर्व में हुई चार अपराधियों की गिरफ्तारी और बरामदगी
ज्ञात हो कि 3 अगस्त की रात देवीसराय में 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाते हुए बड़ी डकैती की थी.
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित जुम्मन मोड़ के पास से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था.
Also Read : आरा में जहर खाने से अधेड़ समेत दो की तबीयत बिगड़ी, सदर अस्पताल में भर्ती
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के जेवर, हीरा व प्लेटिनम के आभूषण, चांदी के हाथी, लड्डू गोपाल की मूर्ति, 16 लाख 43 हजार रुपये नकद, दो देसी पिस्तौल, 16 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए थे.
फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजीत सिंह, संजीव सिंह, बिट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है. सभी दीपनगर थाना क्षेत्र के श्यामनगर गांव के रहने वाले बताए गए हैं.
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक की कार्रवाई से डकैती गिरोह की कई कड़ियां सामने आई हैं. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










