नालंदा के इसलामपुर में निजी क्लीनिक सील, ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के बाद प्रशासन की कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन

निजी क्लीनिक को सील किया गया | Prabhat Khabar Network

इस्लामपुर के एक निजी क्लिनिक को प्रशासन ने सील कर दिया है. यह कार्रवाई बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की कथित चिकित्सीय लापरवाही से हुई मौत के बाद की गई है. जांच में क्लिनिक के बिना वैध लाइसेंस के संचालन का खुलासा हुआ है.

विज्ञापन

इसलामपुर नगर के राजगीर रोड स्थित पूजा सेवा सदन एवं प्रसव केंद्र नामक एक निजी क्लीनिक को अनुमंडल पदाधिकारी हिलसा के आदेश पर स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार की देर संध्या तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. प्रशासन ने यह कार्रवाई खोदागंज थाना क्षेत्र के घनी बिगहा गांव निवासी कपिल यादव की पत्नी सुमन देवी की बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान कथित चिकित्सीय लापरवाही से हुई मौत के बाद की.

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने उक्त निजी क्लीनिक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था.

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में लोगों के बीच काफी चर्चा हुई और लोगों का निजी क्लीनिक के रवैए से आक्रोश बढ़ गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन एवं अनुमंडल पदाधिकारी को जांच के आदेश दिए.

जांच समिति का निरीक्षण और बिना लाइसेंस संचालन का खुलासा

हिलसा अनुमंडल कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नालंदा जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच समिति ने विगत 5 अगस्त को हिलसा अनुमंडल अधिकारी, एसडीपीओ तथा सिविल सर्जन की संयुक्त टीम के साथ उक्त निजी क्लीनिक का निरीक्षण किया था.

हालांकि निरीक्षण के दौरान निजी क्लीनिक बंद मिला और वहां निजी क्लीनिक के संचालक का कोई अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित नहीं था. इस कारण जांच टीम आवश्यक जांच पूरी नहीं कर सकी. जांच के दौरान सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि संबंधित उक्त निजी क्लीनिक अथवा प्रसव केंद्र के संचालन के लिए उनके कार्यालय से कोई वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) या पंजीकरण जारी नहीं किया गया था.

इसी आधार पर जनहित में, जांच की निष्पक्षता तथा उपलब्ध साक्ष्यों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने जायज ठहराया.

प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सीलिंग की कार्रवाई

एसडीओ हिलसा के आदेश पर इसलामपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार विशाल एवं थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने संयुक्त रूप से उक्त निजी क्लीनिक में सीलिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की.

साथ ही पूरी प्रक्रिया का पंचनामा तैयार करने, दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, निजी क्लीनिक के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विधिवत सील एवं नोटिस चस्पा करने तथा संपूर्ण कार्रवाई की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराने का भी निर्देश दिया गया. कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी हिलसा को सौंपने को कहा गया है.

मामले का नया मोड़ और आगामी जांच रिपोर्ट

गौरतलब है कि घनी बिगहा गांव की सुमन देवी की बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान हुई मौत के बाद निजी क्लीनिक प्रबंधन पर कथित चिकित्सीय लापरवाही के आरोप लगे थे. अब निजी क्लीनिक को सील किए जाने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है.

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. पूरे मामले पर क्षेत्रवासियों और मृतका के परिजनों की निगाहें आगामी जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन