रग्बी में ओडिशा बना चैंपियन, बिहार उपविजेता

राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 के महिला वर्ग का समापन शुक्रवार को बेहद रोमांचक अंदाज में हुआ़ फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 27-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया़
प्रतिनिधि, राजगीर
राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 के महिला वर्ग का समापन शुक्रवार को बेहद रोमांचक अंदाज में हुआ़ फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 27-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया़ बिहार को उपविजेता से संतोष करना पड़ा, जबकि पश्चिम बंगाल ने तीसरा स्थान हासिल किया़ विजेता टीम को पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पूर्व खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस तथा बिहार रग्बी संघ के सचिव पंकज ज्योति द्वारा मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया़ फाइनल मुकाबला ओडिशा और बिहार के बीच लगातार तीसरी बार खेला गया, जो महिला वर्ग में इन दोनों टीमों के वर्चस्व को दर्शाता है़ ओडिशा की ओर से निर्मल्या राउत ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन ट्राई के जरिए 15 अंक जुटाए़ वहीं तारुलता नाइक ने दो ट्राई के माध्यम से 10 अंक जोड़े़ पारबती हंसदा ने भी स्कोर कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया़ इस जीत के साथ ओडिशा ने छह वर्षों में तीसरी बार राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया़ इससे पहले तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने दिल्ली को 26-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. टीम की जीत में रिया ओरांव, रीमा ओरांव, नमिस्ता ओरांव और संध्या राय का अहम योगदान रहा. सभी खिलाड़ियों ने मिलकर संतुलित और आक्रामक खेल दिखाया. टूर्नामेंट का नॉकआउट चरण पहले दिन प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों से शुरू हुआ, जिसमें राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, ओडिशा, दिल्ली, केरल, पंजाब और बिहार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी. दूसरे दिन क्वार्टरफाइनल में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. पश्चिम बंगाल ने राजस्थान को 43-0 से हराया, जबकि ओडिशा ने महाराष्ट्र को 41-0 से पराजित किया. सबसे करीबी मुकाबले में दिल्ली ने केरल को 12-10 से हराकर शानदार वापसी दर्ज की. वहीं बिहार ने पंजाब को 34-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. सेमीफाइनल में ओडिशा ने पश्चिम बंगाल को 31-7 से हराया, जबकि बिहार ने दिल्ली को 33-7 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. लगातार तीसरी बार इन दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाना महिला रग्बी में इनके दबदबे को स्पष्ट करता है. पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. ओडिशा ने कुल 235 अंक बनाकर सबसे अधिक स्कोर करने वाली टीम का खिताब हासिल किया. पश्चिम बंगाल 229 अंकों के साथ दूसरे और बिहार 227 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा. व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो पश्चिम बंगाल की संध्या राय 57 अंकों के साथ शीर्ष स्कोरर रहीं. ओडिशा की तारुलता नाइक 56 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बिहार की आरती कुमारी 55 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही. महिला वर्ग के समापन के बाद अब चैंपियनशिप का अगला चरण पुरुष वर्ग के मुकाबलों के साथ 20 और 21 अप्रैल को आयोजित होगा, जिससे राजगीर में एक बार फिर उच्चस्तरीय रग्बी का रोमांच देखने को मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




