जिले में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की कमी नहीं : डीएम

Published by :SANTOSH KUMAR SINGH
Published at :03 May 2026 9:43 PM (IST)
विज्ञापन
जिले में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की कमी नहीं : डीएम

जिले में रसोई गैस की कथित कमी और पेट्रोल पंप बंद होने की सूचनाओं के बीच रविवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने तेल विपणन कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों व वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. जिले में रसोई गैस की कथित कमी और पेट्रोल पंप बंद होने की सूचनाओं के बीच रविवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने तेल विपणन कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों व वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है. नोडल सेल्स ऑफिसर ने बताया कि आईओसीएल और बीपीसीएल के सभी पेट्रोल पंप पूरी क्षमता से संचालित हैं और पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति जारी है. तीनों कंपनियों के अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि खपत के अनुरूप आपूर्ति हो रही है. डीएम ने निर्देश दिया कि शादी के मौसम में बढ़ती मांग को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर 5 से 10 प्रतिशत अतिरिक्त स्टॉक रखा जाए और किसी भी बाधा की स्थिति में तुरंत वरीय अधिकारियों से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित किया जाए. साथ ही अद्यतन स्थिति जिला आपूर्ति पदाधिकारी व अनुमंडल पदाधिकारियों को देने को कहा गया, ताकि विधि-व्यवस्था प्रभावित न हो. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं. एलपीजी की स्थिति पर नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जिले की 54 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 8523 घरेलू सिलेंडर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे हैं. वर्तमान में जिले का बैकलॉग 3.34 प्रतिशत है, जो राज्य में दूसरा सबसे कम है. बैठक में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के विस्तार की भी जानकारी दी गई. बिहारशरीफ, राजगीर और सिलाव के कई वार्डों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और अब तक करीब 1839 पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं. डीएम ने जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य बताते हुए 30 दिनों के बाद विशेष जांच कराने का निर्देश दिया. साथ ही आवासीय विद्यालय, छात्रावास, सामुदायिक रसोई व आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश इंडियन ऑयल-अडानी गैस प्रा. लि. को दिए गए. डीएम ने जमाखोरी, कालाबाजारी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की सूचना मिलने पर टोल फ्री नंबर 06112-233168 पर जानकारी देने की अपील की. उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन