नालंदा : राजगीर-इस्लामपुर एसएच-71 पर हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

Updated:
विज्ञापन
फोटो - छबिलापुर थाना क्षेत्र के ठेरा मोड़ पर सड़क दुर्घटना के बाद लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network

सड़क दुर्घटना के बाद लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network

राजगीर-इस्लामपुर राजकीय उच्च पथ पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों की दर्दनाक मौत हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

राजगीर-इस्लामपुर राजकीय उच्च पथ (एसएच-71) पर छबिलापुर थाना क्षेत्र के नीमापुर मोड़ के समीप रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

दोनों युवक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों युवकों के मोबाइल फोन भी टूट गए. हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी अनुसंधान में जुट गई है.

गया जिले के रहने वाले थे दोनों मृतक, सहपाठी थे दोनों

मृतकों की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के निमथू-चौसंडी गांव निवासी मो. शफीक अंसारी के 19 वर्षीय पुत्र मो. समीर अंसारी तथा मो. अकबर के 18 वर्षीय पुत्र मो. अरबाज के रूप में हुई है.

दोनों सहपाठी थे. एक साथ पढ़ाई करने के साथ-साथ रोजमर्रा के कार्यों में भी साथ रहते थे. रविवार को भी दोनों राजगीर बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान नीमापुर मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

परिजनों में मचा कोहराम, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक तथा खून से लथपथ पड़े दोनों युवकों को देखकर तत्काल छबिलापुर थाना पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल, राजगीर पहुंचाया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई है. लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ नहीं भेजा जा सका है.

मृतक अरबाज के बड़े भाई मो. शाहजहां ने बताया कि अरबाज पांच भाइयों और तीन बहनों में संझला था, जबकि समीर चार भाइयों और तीन बहनों में शामिल था. दोनों की गहरी मित्रता थी. वे एक ही विद्यालय में पढ़ते थे और अक्सर साथ ही बाजार आते-जाते थे. रविवार का दिन भी उनके परिवार के लिए सामान्य था, लेकिन इस सड़क हादसे ने दोनों घरों की खुशियां छीन लीं.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द होगी कार्रवाई

छबिलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर का प्रतीत होता है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.

साथ ही मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके.

राजगीर एवं छबिलापुर थाना पुलिस समन्वय बनाकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

Also Read : नालंदा : 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले दही-लस्सी प्लांट का शिलान्यास करेंगे CM सम्राट चौधरी, सुधा कैफेटेरिया की भी होगी शुरुआत


विज्ञापन
Ramvilas Prasad

लेखक के बारे में

By Ramvilas Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन