राजगीर में सीआरपीएफ जवानों की 20 किमी लंबी साइकिल रैली: डीआईजी निखिल रस्तोगी ने दिया 'फिट रहें-हिट रहें' का संदेश

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 24 May 2026 9:17 PM

विज्ञापन

साइकिल चलाते सीआरपीएफ के जवान

Nalanda News: राजगीर में सीआरपीएफ कैंप द्वारा 'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत 20 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली का आयोजन किया गया. सीआरपीएफ के डीआईजी निखिल रस्तोगी और सहायक कमांडेंट चंदन तिवारी के नेतृत्व में 70 जवानों ने इस रैली के जरिए लोगों को 'फिट रहें-हिट रहें' और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.

विज्ञापन

Nalanda News(रामविलास): नालंदा जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल राजगीर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने साइकिल चलाकर लोगों को सेहतमंद रहने का बेहतरीन संदेश दिया. ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत सीआरपीएफ प्रशिक्षण कैंप सह भर्ती केंद्र राजगीर द्वारा रविवार को एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया. इस रैली को सीआरपीएफ के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) सह प्राचार्य निखिल रस्तोगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और वे स्वयं भी जवानों का उत्साह बढ़ाने के लिए साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुए.

इन प्रमुख मार्गों से गुजरी 20 किलोमीटर की रैली

सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट चंदन तिवारी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह साइकिल रैली निकाली गई. रैली सीआरपीएफ कैंप के मुख्य प्रवेश द्वार से शुरू होकर वीरायतन मोड़, कुंड परिक्षेत्र, मेला सैरात परिक्षेत्र, बस स्टैंड से होते हुए नालन्दा विश्वविद्यालय तक पहुंची. इसके बाद जवान बिहार स्पोर्ट्स एकेडमी एंड काम्प्लेक्स और बिहार पुलिस एकेडमी सड़क मार्ग से होते हुए छबिलापुर पहुंचे. वहां से पावर सब स्टेशन मोड़ और वीरायतन मार्ग होते हुए रैली वापस सीआरपीएफ कैंप परिसर में आकर संपन्न हुई.

70 जवानों ने दिया ‘फिट इंडिया-हेल्दी इंडिया’ का नारा

इस 20 किलोमीटर लंबी परिधि की रैली में सीआरपीएफ के 70 सदस्यीय जवानों और अधिकारियों की टीम ने हिस्सा लिया. पूरी रैली के दौरान जवानों ने उत्साह के साथ ‘फिट रहें-हिट रहें’ और ‘फिट इंडिया-हेल्दी इंडिया’ का संदेश जन-जन तक प्रसारित किया. रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने तालियां बजाकर जवानों का स्वागत और हौसला अफजाई की.

सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील

रैली के समापन पर इसमें शामिल वरिष्ठ अधिकारियों और पदाधिकारियों ने बताया कि इस ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए जागरूक करना है. उन्होंने संदेश दिया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और नियमित रूप से व्यायाम या साइकिल चलाना बेहद जरूरी है, क्योंकि एक फिट नागरिक ही सशक्त देश का निर्माण कर सकता है.

Also Read : नवादा में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अस्पतालों में बढ़े मरीज, स्कूली बच्चों का हाल बेहाल

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन