नालंदा: हरनौत में बंद घर के 8 ताले तोड़ 51.50 लाख की चोरी, शादी में गया था पूरा परिवार

नालंदा में घर से लाखों की चोरी
Nalanda News: नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर-सबनहुआ गांव में शादी समारोह में गए परिवार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया. बदमाश 8 ताले तोड़कर करीब 51.50 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गए.
नालंदा के बिहारशरीफ से अमर वर्मा की रिपोर्ट
Nalanda News: नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर-सबनहुआ गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अज्ञात बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे सहित कुल आठ ताले तोड़कर करीब 51 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. जानकारी के अनुसार, मकान मालिक अवधेन्द्र सिंह अपने परिवार के साथ पास के ही कल्याण बिगहा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. देर रात जब पूरा परिवार समारोह से वापस घर लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए.
अलमारी और बक्से तोड़कर जेवरात गायब
पीड़ित परिवार ने घर के अंदर प्रवेश किया तो देखा कि दो कमरों के किवाड़ सहित कुल आठ ताले टूटे पड़े थे और पूरा सामान अस्त-व्यस्त था. अलमारी, संदूक, बक्से और पेटियां खुली पड़ी थीं, जिसे देखकर परिजनों ने तुरंत डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी. पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने गोदरेज अलमारी और बक्सों को कटर व अन्य हथियारों से काटकर लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के भारी आभूषण चोरी कर लिए. चोरी गए आभूषणों में सोने के कीमती हार, चेन, अंगूठियां, कान के झुमके, नेकलेस सेट, मांगटीका और चांदी की कई पायले शामिल हैं. इसके अलावा रखे 1.50 लाख रुपये नकद भी गायब थे.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर चोर पूरे घर का कीमती सामान समेटकर और बाकी चीजें बिखेरकर आसानी से फरार हो गए. चोरी की इतनी बड़ी सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस टीम द्वारा गांव और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक किया जा रहा है.
बढ़ते अपराध से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना के बाद से पूरे हरनौत क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी चोरी की छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन एक बंद घर से इतनी बड़ी डकैतीनुमा चोरी ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आक्रोशित ग्रामीणों ने हरनौत क्षेत्र में रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है. इधर, हरनौत थाना पुलिस का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक जांच जारी है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर माल बरामद कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.
पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.
स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.
मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










