बिहारशरीफ में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, पिता और चार वर्षीय बेटी की मौत, बेटा गंभीर
अस्पताल में शोकाकुल परिजनों की भीड़
Biharsharif News : नालंदा में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पिता और 4 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल. नूरसराय थाना क्षेत्र की घटना से इलाके में मातम.
Biharsharif News : नालंदा जिले में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता और उसकी चार वर्षीय मासूम पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. नालंदा के मेयार गांव से लेकर पटना जिले के तरौरा गांव तक शोक की लहर दौड़ गई.
मृतकों में पिता और चार वर्षीय मासूम बेटी शामिल
मृतकों की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार गांव निवासी स्वर्गीय रामजी राम के 36 वर्षीय पुत्र कमलेश कुमार और उनकी चार वर्षीय पुत्री शिवांशी के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में कमलेश कुमार का आठ वर्षीय पुत्र रियांश गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल बच्चे का इलाज बिहारशरीफ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
बच्चों को मां से मिलाने ससुराल जा रहे थे कमलेश
मृतक के बड़े भाई बबलू राम ने बताया कि कमलेश कुमार अपने दोनों बच्चों को बाइक से पटना जिले के तरौरा गांव लेकर जा रहे थे. उनकी पत्नी बिहार पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में तरौरा गांव में थीं. बच्चों को उनकी मां से मिलाने के लिए कमलेश कुमार उन्हें बाइक से अपने ससुराल लेकर जा रहे थे.
परीऔना गांव के समीप अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
परिजनों के अनुसार, जैसे ही कमलेश कुमार अपने दोनों बच्चों के साथ परीऔना गांव के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कमलेश कुमार और उनकी मासूम पुत्री शिवांशी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रियांश गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस ने पहुंचाया मॉडल अस्पताल, दो को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल तीनों को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश कुमार और शिवांशी को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल रियांश को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.
अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया है. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
एक साथ पिता और बेटी की मौत से गांवों में पसरा मातम
एक ही हादसे में पिता और मासूम बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की खबर मिलते ही मेयार गांव और तरौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गंभीर रूप से घायल आठ वर्षीय रियांश के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










