नालंदा में 100 में से 60 से ज्यादा महिलाएं प्राइवेट हॉस्पिटल में करा रहीं प्रसव, डीएम ने कह दी ये बात

Updated:
विज्ञापन

आस्थावां में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करतीं डीएम उदिता सिंह. | Prabhat Khabar Network

नालंदा जिलाधिकारी उदिता सिंह ने अस्थावां प्रखंड का निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं पर अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए. पंचायतों, नलकूपों की व्यवस्था और महिला जनप्रतिनिधियों की स्वयं उपस्थिति पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

Nalanda DM Udita Singh : नालंदा जिले के अस्थावां प्रखंड के भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और प्रशासन से जुड़ी शिकायतों की जानकारी ली.

बैठक में मुख्य मार्गों व सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण, तालाब-आहर-पोखर व पइन की जमीन पर कब्जा, नलकूपों के रखरखाव, विद्यालयों की समस्याओं और अधिकारियों द्वारा फोन पर उचित प्रतिक्रिया नहीं देने के मामले उठे. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया.

पंचायतों और नलकूपों की व्यवस्था पर निर्देश

पंचायत भवनों की स्थिति की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित करने का निर्देश दिया गया. वहीं सभी नलकूपों का 15 दिनों के अंदर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने को कहा गया.

उपलब्ध राशि वाले कार्यों का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने का भी निर्देश दिया गया. विद्यालयों में अतिक्रमण की शिकायतों की जांच जिला शिक्षा पदाधिकारी को करने को कहा गया.

फोटो- आस्थावां में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करतीं डीएम उदिता सिंह. | Prabhat Khabar Network
जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करतीं डीएम | Prabhat Khabar Network

महिला जनप्रतिनिधियों की स्वयं उपस्थिति पर जोर

बैठक में कई महिला जनप्रतिनिधियों की जगह उनके प्रतिनिधियों द्वारा बात रखने पर डीएम ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों की वास्तविक भागीदारी तभी सुनिश्चित होगी, जब वे स्वयं बैठकों में उपस्थित होकर अपनी बात रखेंगी और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी. उन्होंने अगली बैठकों में महिला जनप्रतिनिधियों की स्वयं उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की.

राशन कार्ड और आरटीपीएस सेवाओं की जानकारी

डीएम ने जनप्रतिनिधियों से पात्र लोगों का राशन कार्ड बनवाने में सहयोग करने तथा आरटीपीएस के माध्यम से उपलब्ध सरकारी सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने को कहा.

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सेवाओं के लिए लोगों को जिला या प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए उन्हें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए.

सरकारी अस्पतालों में प्रसव और अवैध क्लीनिकों की सूचना

डीएम ने जनप्रतिनिधियों से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की अपील की. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब 30 से 40 प्रतिशत प्रसव ही सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में हो रहे हैं.

जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने के लिए जागरूक करने को कहा गया.

Also Read : गया जी जहरीली गैस से मौत मामले में बाकी दो शव भी कुएं से निकाले गए, मृतकों के परिवार को 4-4 लाख मुआवजा

साथ ही अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र या बिना लाइसेंस संचालित क्लीनिक की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की. बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता समेत प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे.


विज्ञापन
कंचन कुमार

लेखक के बारे में

By कंचन कुमार

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन