नालंदा में शराबबंदी अभियान को मिली नई रफ्तार, सड़कों पर उतरे स्काउट-गाइड के सदस्य
प्रभात फेरी की तस्वीर
Bihar Sharif News : मद्य निषेध विभाग और स्काउट-गाइड की पहल, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान. बिहारशरीफ में सुबह-सुबह निकाली गई प्रभात फेरी.
बिहारशरीफ से रणजीत सिंह की रिपोर्ट
Bihar Sharif News :शराबबंदी और नशा मुक्ति को लेकर नालंदा में जन-जागरूकता की नई मिसाल देखने को मिली. मद्य निषेध विभाग, नालंदा एवं भारत स्काउट और गाइड नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार सुबह 7 बजे भव्य प्रभात फेरी व जन-जागरूकता रैली निकाली गई.
उत्साह से लबरेज दिखे स्काउट-गाइड
रैली में विभागीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के स्काउट, गाइड, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. हाथों में तख्तियां और जुबां पर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “शराब से दूरी, परिवार में खुशहाली”, “नशा मुक्त बिहार, स्वस्थ बिहार” जैसे प्रेरणादायक नारे लिए प्रतिभागी शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे.

अधिकारियों ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
मद्य निषेध अधीक्षक लाला अजय कुमार सुमन ने कहा कि नशा समाज का कोढ़ है जो धीरे-धीरे समाज को खोखला कर रहा है. इससे दूरी बनाकर ही हम सुखमय जीवन जी सकते हैं. निरीक्षक नीतीश कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि नशा कर रहे लोगों को जागरूक करना हम सबका परम कर्तव्य है, ताकि उनका परिवार खुशहाल रहे.
जन-जन तक पहुंचाया जागरूकता संदेश
रैली के दौरान आमजन को बिहार सरकार की मद्य निषेध नीति और नशामुक्त समाज के महत्व की जानकारी दी गई. भारत स्काउट और गाइड के कोषाध्यक्ष महेश कुमार ने लोगों से शराब व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने और नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग की अपील की. निरीक्षक मुन्ना कुमार एवं पुष्पा कुमारी ने नागरिकों से बिहार सरकार के मद्य निषेध अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया.
अधिकारियों और स्काउट-गाइड ने लोगों को किया नशे के प्रति जागरूक
इस मौके पर मद्य निषेध विभाग से अनिल कुमार शाह, मनोज कुमार, सुभाष कुमार, जितेंद्र कुमार तथा भारत स्काउट और गाइड से राजीव नंदन कुमार, समीर कुमार, शशि पाल कुमार, रामाधीन प्रसाद, दीपक कुमार, कुंदन कुमार, अमन कुमार, गाइड कैप्टन प्रीति सुमन, स्काउट धनंजय कुमार, अंकित कुमार, सूरज कुमार, सोनी कुमारी एवं निशु कुमारी मौजूद रहे.
Also Read : बिहारशरीफ में 85 वर्षीय वृद्ध को बदमाशों ने पीटा, पुलिस जांच में जुटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










