190 करोड़ की लागत से बिहार के इस रेललाइन की बदलेगी सूरत, बनेंगे 3 नए ROB

गया-कोडरमा रेलखंड को आधुनिक बनाने के लिए 190.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे
Bihar Railway Project: भारतीय रेलवे गया-कोडरमा रेलखंड को आधुनिक बनाने के लिए 190.31 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है. इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत पहाड़पुर स्टेशन का कायाकल्प, तीन नए रोड ओवरब्रिज (ROB), अंडरपास और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं तैयार की जा रही हैं.
Bihar Railway Project: भारतीय रेलवे गया-कोडरमा रेललाइन के पूरे इलाके में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत और आधुनिक बनाने में जुट गया है. इसके लिए करीब 190.31 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है.
इन योजनाओं के पूरा होने के बाद जहां रेल यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी, वहीं सड़क और रेल यातायात पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और सुगम हो जाएगा. इससे स्थानीय लोगों की सालों पुरानी मांगें भी पूरी होने जा रही हैं.
28 करोड़ से हाईटेक बनेगा पहाड़पुर रेलवे स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पहाड़पुर रेलवे स्टेशन को नया लुक दिया जा रहा है. इसके कायाकल्प पर 28.10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. नए स्टेशन भवन को बेहद आकर्षक प्रवेश द्वार, बड़े और आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतरीन लाइटिंग व्यवस्था, साफ-सफाई और अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है. शुरुआत में काम थोड़ा धीमा था, लेकिन अब निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है.
दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशनों पर विशेष इंतजाम
रेलवे ने अपने दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है. इसके तहत टनकुप्पा, गुरपा, दिलवा, बंधुआ, बंशीनाला और पहाड़पुर स्टेशनों पर विशेष काम कराए जाएंगे.
करीब 80 लाख रुपये की लागत से इन सभी स्टेशनों पर रैंप, सुगम प्रवेश मार्ग और अन्य जरूरी सुविधाएं बनाई जा रही हैं, ताकि दिव्यांग यात्रियों को स्टेशन पर आने-जाने में कोई दिक्कत न हो.
जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बनेंगे 3 रोड ओवरब्रिज
रेल फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम और हादसों के खतरे को खत्म करने के लिए रेलवे 142 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि खर्च करने जा रहा है. इस बजट से तीन बड़े रोड ओवरब्रिज (ROB) बनाए जाएंगे. ये आरओबी गुरपा-पहाड़पुर, पहाड़पुर-टनकुप्पा और टनकुप्पा-बंधुआ रेलखंड के बीच तैयार होंगे, जिससे सड़क यातायात बिना रुके चलता रहेगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अंडरपास, फुट ओवरब्रिज और ऊंचे प्लेटफॉर्म का निर्माण
यात्रियों की सहूलियत के लिए टनकुप्पा स्टेशन के पास 6.78 करोड़ रुपये की लागत से एक नया अंडरपास बनाया जाएगा. इसके साथ ही दिलवा और बंशीनाला स्टेशनों पर 9.51 करोड़ रुपये खर्च करके आधुनिक रैंप, सीढ़ियां और फुट ओवरब्रिज (FOB) तैयार किए जाएंगे. दिलवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 को 2.32 करोड़ रुपये से ऊंचा किया जाएगा ताकि लोग आसानी से ट्रेन में चढ़-उतर सकें.
इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होते ही गया-कोडरमा रेलखंड की पूरी सूरत बदल जाएगी. आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों का सफर तो शानदार होगा ही, साथ ही इलाके में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










