बिहार के जिला अस्पतालों में अब रात में भी मिलेगी इमरजेंसी सेवा, गंभीर मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा पटना, जानें सरकार का प्लान

Updated:
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की फाइल फोटो

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की फाइल फोटो

Bihar Health Department: बिहार के लोगों को अब इलाज के लिए रात में बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पतालों में 24x7 इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करने का फैसला लिया है. नई व्यवस्था के तहत विशेषज्ञ डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और जरूरी सुविधाएं रात में भी उपलब्ध रहेंगी.

विज्ञापन

Bihar Health Department: बिहार सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी लगातार महत्वपूर्ण फैसले ले रहे हैं. अब राज्य के जिला अस्पतालों में भी रात के समय नियमित इमरजेंसी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. इसका उद्देश्य गंभीर मरीजों को समय पर इलाज देना और उन्हें बड़े शहरों के अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम करना है.

रात में भी मिलेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर

नई व्यवस्था के तहत जिला अस्पतालों में रात के समय भी विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद रहेंगे. इनमें जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, शिशु रोग और स्त्री एवं प्रसूति रोग के डॉक्टर शामिल होंगे.

इसके अलावा प्रशिक्षित नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीकी कर्मचारी भी ड्यूटी पर रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज शुरू किया जा सके.

रेफरल सिस्टम से पहले होगी पूरी तैयारी

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि रेफरल पॉलिसी लागू करने से पहले सभी जिला अस्पतालों की इमरजेंसी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा. अस्पतालों में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मरीजों का इलाज जिले में ही हो सके.

दवा और जांच की सुविधा भी होगी बेहतर

सरकार अस्पतालों में जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराएगी. साथ ही जांच की सुविधाओं और जीवनरक्षक उपकरणों की भी व्यवस्था की जाएगी. इससे गंभीर मरीजों का इलाज बिना देरी के शुरू किया जा सकेगा.

अभी क्या है समस्या?

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सामने आया कि कई जिला अस्पतालों में रात के समय विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहते. ऐसे में मरीजों को पटना या दूसरे मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में भेजना पड़ता है. इस कारण इलाज में देरी होती है और कई बार मरीज की हालत और बिगड़ जाती है.

इन मरीजों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

नई व्यवस्था का सबसे ज्यादा लाभ सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों, हार्ट अटैक के मरीजों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को मिलेगा. स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि ऐसे मामलों में शुरुआती इलाज बेहद अहम होता है. अगर समय पर इलाज मिल जाए, तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

मेडिकल कॉलेजों पर भी घटेगा दबाव

सरकार का मानना है कि जिला अस्पतालों में बेहतर इमरजेंसी सेवा शुरू होने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पतालों पर मरीजों का अनावश्यक दबाव कम होगा. इससे लोगों को अपने ही जिले में बेहतर इलाज मिलेगा और बड़े अस्पतालों में भीड़ भी घटेगी.

होगी नियमित निगरानी

स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जिला अस्पतालों में रात की इमरजेंसी सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी. इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मरीजों को हर समय बेहतर और समय पर इलाज मिल सके.

Also Read: बेतिया राज की 22,813 एकड़ जमीन होगी सरकारी, बिहार सरकार ने इन छह जिलों के लिए जारी की अधिसूचना



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन