ePaper

तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले- बिहार में लॉ एंड ऑर्डर ध्वस्त

Updated at : 25 Feb 2026 2:08 PM (IST)
विज्ञापन
Tejashwi-Yadav

Tejashwi Yadav said – law and order has collapsed in Bihar

Bihar News: बिहार की सियासत में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा- बिहार में हर दिन गोलियां चल रही हैं और अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि सरकार का डर खत्म हो चुका है.

विज्ञापन

Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है. तेजस्वी ने राज्य की गिरती कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि बिहार में अब ‘इकबाल’ खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर गोलियां बरसा रहे हैं.

सिर्फ राज्य ही नहीं, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी तेजस्वी ने अपनी राय रखते हुए बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है.

सरकार का इकबाल खत्म

तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार में हर दिन अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है.

तेजस्वी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब शारीरिक और मानसिक रूप से उतने सक्रिय नहीं रहे, जितने पहले हुआ करते थे.उनकी याददाश्त और पकड़ दोनों कमजोर हो चुकी है, जिसका सीधा फायदा अपराधी उठा रहे हैं.

डबल इंजन के दोनों पायलट जिम्मेदारी से भाग रहे

तेजस्वी ने न केवल मुख्यमंत्री बल्कि बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि जब राज्य में गोलियां चलती हैं, तो सत्ता में बैठे लोग जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे का मुंह ताकते हैं.

तेजस्वी ने कहा, बिहार में ‘लॉ एंड ऑर्डर’ पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है और अब इसकी जगह ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ ने ले ली है. अपराधी जिसे चाहते हैं, जहां चाहते हैं, सरेआम गोली मार देते हैं. प्रशासन का डर अपराधियों के मन से निकल चुका है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है.

अमित शाह का सीमांचल दौरा महज चुनावी छलावा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित सीमांचल दौरे पर तेजस्वी यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे पूरी तरह से बंगाल चुनाव से प्रेरित बताया.

तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी सीमांचल के जरिए बंगाल की चुनावी बिसात बिछाने की कोशिश कर रही है, जबकि बिहार की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है. उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही दिल्ली के नेताओं को बिहार की याद आने लगती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही वे बिहार को अपने हाल पर छोड़ देते हैं.

Also Read: बिहार की लाखों महिलाओं को केंद्र सरकार का गिफ्ट, मुफ्त गैस कनेक्शन को मिली हरी झंडी

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन