बिहार यूनिवर्सिटी के VC आवास पर बमबाजी, जान से मारने की धमकी से मचा हड़कंप

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है. बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति आवास पर देर रात बमबाजी की गई, वो भी थाने के ठीक सामने. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
Bihar News: रविवार की रात बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के कुलपति के सरकारी आवास पर स्कूटी सवार बदमाशों ने बमबाजी की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जगह यह धमाका हुआ, उसके ठीक सामने विश्वविद्यालय थाना स्थित है, लेकिन धमाके के काफी देर बाद तक पुलिस की नींद नहीं खुली.
स्कूटी सवार बदमाशों ने फेंका बम
रविवार रात करीब 10 बजे स्कूटी पर सवार दो बदमाश कुलपति आवास के गेट के पास पहुंचे और सुतली बम फेंककर फरार हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल के ठीक सामने विश्वविद्यालय थाना मौजूद है, लेकिन काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा.
बमबाजी के साथ ही कुलपति को हत्या की धमकी भी दी गई है. इस वारदात के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और आसपास के लोगों में डर का माहौल है. इसे दहशत फैलाने की साजिश के तौर पर देखा जा रहा है.
FSL टीम ने जुटाए अहम सबूत
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि यह हमला सिर्फ दहशत फैलाने के लिए नहीं, बल्कि किसी बड़ी रंजिश का हिस्सा हो सकता है. पुलिस इस हमले को विश्वविद्यालय के भीतर चल रही खींचतान की राजनीति और करोड़ों के ठेकों में वर्चस्व की जंग से जोड़कर देख रही है.
पुलिस इस मामले की जांच तीन मुख्य बिंदुओं पर कर रही है. इसमें विश्वविद्यालय की अंदरूनी राजनीति, ठेकेदारी विवाद और योजनाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर उत्पन्न तनाव शामिल है. अधिकारियों का मानना है कि यह घटना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है.
जांच के घेरे में परीक्षा नियंत्रक और लूट-खसोट का खेल
विश्वविद्यालय की उच्च स्तरीय जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक की लापरवाही को फाइल गायब होने का मुख्य कारण माना था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस बमबाजी का संबंध उस जांच रिपोर्ट से है जिसे दबाने की कोशिश की जा रही थी.
फिलहाल, पूरे इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवारों की तलाश जारी है.
Also Read: बिहार में अपर थानेदार का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, SSP ने दिए जांच के आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




