Bihar News: रिसेप्शन पार्टी में तमंचे पर डांस और हर्ष फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही पुलिस का एक्शन
Bihar News: शादी की खुशी में जश्न बदला खौफ में. स्टेज पर हथियार लहराते युवक, भोजपुरी गानों पर फायरिंग और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने भोजपुर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान तमंचे पर डांस और हर्ष फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद टाउन थाना पुलिस हरकत में आई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
फायरिंग में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों पर भी शिकंजा जल्द कसा जाएगा.
वायरल वीडियो ने खोली पोल
सोशल मीडिया पर वायरल तीन अलग-अलग वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक स्टेज पर चढ़कर भोजपुरी गानों की धुन पर पिस्टल लहरा रहे हैं.
वीडियो में “तोर मजनुआ रंगदार के थाना दिवाना बा…” गीत बजता सुनाई देता है, इसी दौरान एक युवक खुलेआम फायरिंग करता नजर आता है. एक अन्य वीडियो में तो हालात और भी खतरनाक दिखते हैं, जहां डांस कर रही महिला के हाथ में पिस्टल थमा दी जाती है और वहीं से फायर किया जाता है.
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और बिंद टोली मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय दीपांशु कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया. यह गिरफ्तारी एएसआई जावेद आलम के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि फायरिंग उसके एक साथी की देसी पिस्टल से की गई थी. इसी बयान के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
एसपी का सख्त संदेश
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियार लहराना और हर्ष फायरिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि वीडियो में दिख रहे सभी युवकों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा.
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर बिहार में सामाजिक आयोजनों के दौरान बढ़ते हथियारों के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि हथियार की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी है. आरा (भोजपुर) से विशाल की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








