ePaper

Bihar Ka Mausam: कहीं कोहरे का येलो अलर्ट, कहीं बारिश की दस्तक—जानें कब से मिलेगी कनकनी से राहत?

Updated at : 02 Feb 2026 7:38 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Ka Mausam

Bihar Ka Mausam

Bihar Ka Mausam: : बिहार के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. कश्मीर और हिमाचल की पहाड़ियों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर उत्तर बिहार के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है. जहां एक ओर तराई वाले जिलों में घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में बारिश की आहट ने किसानों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

विज्ञापन

Bihar Ka Mausam: जनवरी की कड़ाके की ठंड ने विदा ले ली है, लेकिन बिहार के मौसम में ट्विस्ट अभी बाकी है. भीषण ठंड झेलने के बाद बिहार में मौसम अब करवट ले रहा है. IMD के अनुसार राज्य में शीतलहर का दौर लगभग खत्म हो चुका है.

दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, हालांकि सुबह और देर रात हल्की कनकनी अभी बनी रह सकती है. फरवरी के पहले सप्ताह में कोहरे और हल्की बारिश के बाद मौसम के और साफ होने के संकेत हैं.

तराई जिलों में आज कोहरे की चादर

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक आज हिमालय की तराई से सटे जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा. पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी  कम रह सकती है. हालांकि धूप निकलने के साथ कोहरा धीरे-धीरे छंटने की उम्मीद है.

वहीं, राज्य के शेष जिलों में हल्के स्तर का कुहासा देखने को मिल रहा है. हालांकि, सुबह से ही धूप खिली हुई है. इस कारण कोहरे का असर ज्यादा देखने को नहीं मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर पूरे बिहार में धूप रहने की संभावना है. आज के बाद अगले छह दिनों तक कोहरे का कोई अलर्ट नहीं है.


3 फरवरी को हल्की बारिश का अनुमान

कल यानी 3 फरवरी को दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम बदलेगा. गया, रोहतास, औरंगाबाद और भभुआ में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों में तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. इसके बाद अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम बताई जा रही है.

फरवरी में क्यों मिलेगी ठंड से राहत

IMD के मासिक पूर्वानुमान के अनुसार फरवरी में कोल्ड-डे और शीतलहर की घटनाएं बेहद कम रहेंगी. इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर रहना और सूर्य की ऊंचाई बढ़ना है. दिन लंबे होने और धूप तेज रहने से दिन का तापमान बढ़ेगा, जबकि रातें भी जनवरी की तुलना में कम सर्द होंगी. इस महीने न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक यानी 16 से 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

पटना और अन्य जिलों का हाल

राजधानी पटना में मौसम साफ रहने की उम्मीद है. सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से राहत मिलेगी. न्यूनतम तापमान 10 से 12 और अधिकतम 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. किशनगंज जैसे पूर्वी जिलों में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है.

कुल मिलाकर फरवरी बिहार के लिए राहत लेकर आ रही है—हल्की ठंड, सीमित बारिश और धीरे-धीरे बढ़ती गर्माहट के साथ.

Also Read: ‘रेल कॉरिडोर बनने से बिहार को काफी फायदा होगा’, बजट 2026 को सीएम नीतीश ने बताया देश के लिए बेहतर

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन