बिहार में कहीं जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा,तो कहीं धूप, 12 फरवरी से पलटेगा मौसम

Bihar Ka Mausam: बिहार में मौसम का मिला-जुला असर दिख रहा है. गोपालगंज 28.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि सीवान का जीरादेई 9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा. चंपारण में कोहरा और ठिठुरन बरकरार है. वहीं दक्षिण बिहार में तापमान सामान्य से अधिक है. पछुआ हवाओं के कारण रात के पारे में और गिरावट आने की संभावना है.
Bihar Ka Mausam: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. तापमान में उतार चढ़ाव का दौर जारी है. राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान का मिजाज बिल्कुल अलग नजर आ रहा है. कहीं सुबह-सुबह घना कोहरा और ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है, तो कहीं दिन में गर्मी का असर साफ दिख रहा है.
IMD का कहना है कि फिलहाल सुबह-शाम ठंड का असर महसूस होगा, लेकिन 12 फरवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी.
गोपालगंज जिला सबसे गर्म
शनिवार को गोपालगंज जिले में मौसम गर्म रहा. आंकड़ों के अनुसार गोपालगंज में दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह पूरे बिहार में सबसे अधिक रहा. यही वजह है कि यहां दिन में हल्की गर्मी का एहसास हुआ. राज्य के अन्य जिलों की बात करें तो उत्तर बिहार के कई हिस्सों जैसे मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और किशनगंज में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है. इन जिलों में दिन का तापमान 22डिग्री से 25 डिग्री तक बना रहा.
कैमूर, पटना, बक्सर, औरंगाबाद, बेगूसराय सहित दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रहा. यहां का अधिकतम तापमान 23 डिग्री से लेकर 28 डिग्री तक बना रहा.
दिन में धूप, सुबह-शाम ठंड
IMD के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बिहार में सुबह और देर शाम हल्का कुहासा बना रहेगा. पछुआ हवाओं के कारण ठंडक महसूस होगी, लेकिन दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी. यही वजह है कि दिन और रात के तापमान के बीच अंतर साफ दिख रहा है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ रहा है. इसके साथ ही हवा की गति कम है और वातावरण में नमी बनी हुई है. यही कारण है कि सुबह के समय कोहरा और रात में हल्की ठंड बनी हुई है. फरवरी में सूर्य की किरणें जमीन पर अधिक समय तक पड़ती हैं, जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है और दिन में हल्की गर्माहट महसूस होती है.
24 घंटे बाद फिर गिर सकता है पारा
IMD के अनुसार अगले 24 घंटों के बाद राज्य के न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे रात के समय फिर से ठंड का असर बढ़ेगा. हालांकि अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और मौसम शुष्क बना रहेगा.
पटना में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी पटना में सुबह हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है, दिन में मौसम साफ रहेगा और धूप राहत देगी. यहां न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी के मध्य से ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता जाएगा.
Also Read: बिहार में मौसम का डबल गेम, पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, मौसम विभाग का 72 घंटे का अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










