श्रीरामपुर से विकेश तो धांधी बेलारी से दिलीप बने अध्यक्ष

Updated at : 19 Mar 2026 12:15 AM (IST)
विज्ञापन
श्रीरामपुर से विकेश तो धांधी बेलारी से दिलीप बने अध्यक्ष

धांधी बेलारी पैक्स व श्रीरामपुर पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए मतदान संपन्न हो गया.

विज्ञापन

सुलतानगंज प्रखंड के धांधी बेलारी पैक्स व श्रीरामपुर पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. मतदान के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिये गये. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि धांधी बेलारी पैक्स में 53.98 प्रतिशत तथा श्रीरामपुर पैक्स में 49.18 प्रतिशत मतदान हुआ.

श्रीरामपुर में चौथी बार विकेश कुमार की जीत

श्रीरामपुर पैक्स से अध्यक्ष पद पर विकेश कुमार ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की. उन्हें 351 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी निरंजन कुमार को 314 मत मिले. इस पैक्स में 22 मतपत्र रद्द घोषित किये गये.

धांधी बेलारी में दिलीप कुमार यादव तीसरी बार विजयी

धांधी बेलारी पैक्स से अध्यक्ष पद पर दिलीप कुमार यादव ने तीसरी बार जीत हासिल की. उन्हें 306 मत मिले. दूसरे स्थान पर दीपक कुमार को 112 मत और तीसरे स्थान पर हरिष चंद्र यादव को 50 मत प्राप्त हुए. यहां भी 22 मतपत्र रद्द किये गये. मतगणना का कार्य जिला कृषि पदाधिकारी, बांका त्रिपुरारी शर्मा की देखरेख में संपन्न कराया गया. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ संजीव कुमार ने दोनों विजेता उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया.

माणिकपुर शहजादपुर पैक्स के अध्यक्ष पद पर हीरा सिंह जीते

शाहकुंड माणिकपुर शहजादपुर पैक्स के अध्यक्ष पद पर हीरा सिंह ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय सिंह को 432 मत से पराजित किया. हीरा सिंह को 821 मत, संजय सिंह को 389 मत, चंदन कुमार को 213 मत, राजू कुमार को 106, सरौज सिंह को 45 और अमरजीत कुमार को 13 मत प्राप्त हुए हैं. हीरा सिंह के दूसरी बार अध्यक्ष पद पर परचम लहराने पर उनके समर्थकों ने खुशी का इजहार किया.

भवानीपुर देशरी पैक्स के अध्यक्ष बने कुंदन

पैक्स चुनाव के तहत जगदीशपुर प्रखंड के भवानीपुर देशरी व पुरैनी टोला सोनूचक पैक्स के अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्य के लिए बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ. दोनों पैक्सों में अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्य के चुनाव के लिए दिन में मतदान हुआ तथा देर शाम को मतगणना की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी. करीब तीन घंटे तक चली मतगणना के बाद भवानीपुर देसरी पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए कुंदन कुमार व पुरैनी टोला सोनूचक पैक्स के अध्यक्ष पद के लिए ममता देवी ने जीत दर्ज की. सबसे पहले पुरैनी टोला सोनूचक पैक्स की मतगणना की गयी, जिसमें वर्तमान पैक्स अध्यक्ष ममता देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक कुमार को 78 मतों से पराजित किया और लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनी. भवानीपुर देसरी पैक्स की मतगणना हुई. घोषित परिणाम में कुंदन कुमार को 93 मतों से विजयी घोषित किया गया. कुंदन कुमार को 319 मत प्राप्त हुए, जबकि सखीचंद विश्वास को 226 मत प्राप्त हुए. 22 मतों को रद्द घोषित किया गया. परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया. मतगणना के दौरान बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के समर्थक उपस्थित रहे.

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन